राजनांदगांव

गौठानों में की जाए चारा, पानी और छाया की व्यवस्था - मुख्यमंत्री
21-Apr-2023 3:24 PM
गौठानों में की जाए चारा, पानी और छाया की व्यवस्था - मुख्यमंत्री

हितग्राहियों को 2 लाख 97 हजार की राशि ऑनलाईन अंतरित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 अप्रैल।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को यहां अपने निवास कार्यालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को 4 करोड़ 40 लाख रुपए की राशि ऑनलाईन अंतरण की। 01 से 15 अप्रैल तक गौठानों में पशुपालक, ग्रामीणों, किसानों, भूमिहीनों से 1.30 लाख क्विंटल गोबर की खरीदी की गई। जिसके एवज में गोबर विक्रेताओं को 2 करोड़ 59 लाख रुपए की राशि ऑनलाईन अंतरित कर भुगतान किया गया। जिले में 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक 3 हजार 451 गोबर विक्रेताओं से 1487.18 क्विंटल गोबर खरीदी की गई। जिसके लिए गोबर विक्रेताओं को 2 लाख 97 हजार 435 रूपए का ऑनलाईन भुगतान किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर एस. जयवर्धन वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के 10 हजार से अधिक गौठानों में गर्मी को देखते पशुओं के लिए चारा, पानी और छाया की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री बघेल ने राज्य के सभी कलेक्टरों और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को गौठानों का भ्रमण कर वहां पैरा के साथ ही हरे चारे, शेड और पानी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिये हैं।

उन्होंने कहा कि पंचायतों के आश्रित गांवों में भी मांग अनुसार गौठान की स्वीकृति दी जाए। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि गौठान में होने वाली आर्थिक गतिविधियों के संचालन के लिए अनिवार्य रूप से गौठान समितियों की बैठक करायी जाए। मुख्यमंत्री ने इस बात पर प्रसन्नता जाहिर कि राज्य के आधे से अधिक गौठान स्वावलंबी हो चुके हैं। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए कहा कि नहरों से तलाबों में पानी भरने का काम त्वरित गति से करें। जिससे पानी की उपलब्धता रहेगी और जल स्तर बढ़ेगा। कार्यक्रम को कृषि मंत्री  रविंद्र चौबे ने भी संबोधित किया।

कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित वर्चुअल माध्यम से राशि ऑनलाइन अंतरण समारोह कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी ग्रामीण पंचायत एवं विकास विभाग  हेमंत ठाकुर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्रीकांत दुबे, जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं गणमान्य नागरिक जुड़े रहे।
 


अन्य पोस्ट