राजनांदगांव

बैठक में की संगठनात्मक कार्यों की व्यापक समीक्षा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 अप्रैल। जिला भाजपा कार्यसमिति की विस्तृत बैठक शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई। इसमें पार्टी के नीतिगत विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि अंत्योदय और राष्ट्रवाद यही भाजपा के लिए मार्गदर्शक सिद्धंात रहे है।
उन्होंने कहा, पं. दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानव दर्शन हमें यह मार्ग दिखाता है कि हम गरीबों को नारायण समझे, उनके पांव की फटी हुई बिवाई भरे और गरीबों के लिए पक्के मकान समेत जीवन की मूल-भूत आवश्यकताओं को उन तक सहज, सरल आपूर्ति सुनिश्चित हो। पंडितजी की इन्हीं भावनाओं के अनुरूप केन्द्र में भारत के लोकनायक और विश्व के सबसे मजबूत नेता के रूप में उभरे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार लगातार कर रही है। देशभर के 18 राज्यों में भाजपा और राजग की सरकारें भी इसी विचारधारा के अनुरूप मोदी जी द्वारा दिये गये मूलमंत्र सबका साथ-सबका विकास सबका विश्वास और सबका प्रयास को अपनाकर लगातार कार्य कर रही है।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सभी को न्याय भेद-भाव किसी से नहीं, यही भारतीय जनता पार्टी के मार्गदर्शक सिद्धांत है। अपने इसी सिद्धांत के तहत पार्टी लगातार काम करते आ रही है। समानता, गरिमा, सम्मान और समावेशिता के सिद्धांत पर आधारित यही कार्य पूरे देश में मोदी जी के नेतृत्व में हो रहा है। श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी के द्वारा छत्तीसढ़ राज्य का निर्माण के बाद प्रदेश में पहली निर्वाचित सरकार भाजपा ने लगातार 15 वर्षों तक इसी सिद्धांत के आधार पर कार्य किया। पार्टी का यह स्पष्ट मानना है कि समाज का विकास समाज के सबसे अंतिम पंक्ति पर खड़े आखिरी व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के बाद ही किया जा सकता है। इसी मंशा से कार्य करने पर भारत आज विश्व की सबसे बड़ी पांचवी अर्थव्यवस्था बन गई है।
उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदीजी के सत्ता संभालने के बाद विश्व में भारत की छवि लगातार मजबूत होकर सामने आई है। वैश्विक महामारी कोरोना और रूस-यूक्रेन युद्ध जैसी विषम परिस्थितियों में भी भारत ने दुनिया को रास्ता दिखाया है। भारत एक बार फिर से विश्व गुरू के पद पर अधिष्ठित हुआ है। यह वर्ष भारत के लिये अत्यधिक विशेष रहा है। उन्होंने भारत का जी-20 का अध्यक्ष होना उल्लेखनीय बताते हुये कहा कि यह उपलब्धि अत्यंत ही गौरवशाली है।
डॉ. रमन ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुये कहा कि एक तरफ जहां केन्द्र में मोदी सरकार नित्य नये इतिहास रच रही है, वहीं इसके उलट छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार विफलताओं और विश्वातघातों का काला अध्याय गढ़ रही है। अपने भ्रष्ट्राचार और घोटालों के कारण भूपेश बघेल की सरकार ने प्रदेश को लगातार शर्मसार किया है। रोज सामने आते घोटाले, जांच एंजेसियों के छापे, लूट और घपले की मिलती रकम से देशभर में प्रदेश की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब मुख्यमंत्री की करीबी उपसचिव, आई.ए.एस. समेत उनके अत्यधिक करीबी लोग जनता की गाढ़ी कमाई लुटने के आरोप में जेल में बंद है और यह क्रम जारी हैं। कोयला में प्रतिटन वसूली, आयरन, प्लेट्स, सीमेंट, रेत आदि में उगाही की जा रही है। महादेव एप के माध्यम से अरबों की उगाही की जा रही है। इसके तार भी शासन के शीर्ष से जुड़े हुये है। नॉन मामले में जिस तरह की साजिशों का खुलासा हुआ, जिस तरह मुख्यमंत्री निवास आज हर तरह के षडयंत्र का केन्द्र बना हुआ है, उसकी जितनी निंदा की जाये कम है।
उन्होंने कहा, केन्द्र सरकार द्वारा नि:शुल्क उपलब्ध कराये जा रहे चावल व चना आदि में भी करोड़ों का घपला हो रहा है। लगातार ऐसे हो रहे खुलासे और अपनी विफलता से ध्यान हटाने कांग्रेस सरकार रोज नये-नये प्रपंच रच रही है।
सांसद संतोष पाण्डेय ने बैठक के अपने संबोधन में पार्टी के कार्यक्रमों को मतदान केन्द्रों तक पहुंचाने का आव्हान करते हुये कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के त्याग-तपस्या और बलिदान की वजह से आज सत्ता के शीर्ष पर पहुंची है और यहां पहुंचने के बाद हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरी दुनिया व देश में यह साबित कर दिखाया कि भाजपा अन्य राजनीतिक दलों से बिलकुल अलग है। हमारी सरकार जनहित के ऐसे-ऐसे कार्यक्रम प्रांरभ की है, जिससे देश का भाग्य और भविष्य दोनों बदल रहा है। आने वाला समय पार्टी के लिये अत्यंत ही चुनौतीपूर्ण है। सारी शक्तियॉ पार्टी के राष्ट्रवाद को कमजोर करने अनेक तरह के कुचक्र रच रहे है। पार्टी के कार्यकर्ता ही पार्टी की शक्ति है और वे संगठन कार्य में पूरी ताकत के साथ जुट जाये।
बैठक के प्रारंभ में दीप प्रज्जवलन हुआ, वंदेमातरम् गान इसके बाद जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल ने अपना अध्यक्षीय उद्बोधन दिया। इसके बाद राजनैतिक प्रस्ताव के अलावा अन्य प्रस्ताव का पठन चन्द्रिका प्रसाद डड़सेना, लीलाधर साहू, आभा तिवारी व रविन्द्र वैष्णव ने किया। इसके बाद जिला भाजपा प्रभारी अवधेश चंदेल व सह प्रभारी गणेश शंकर मिश्रा ने उद्बोधन देकर पार्टी द्वारा संगठनात्मक कार्यो की समीक्षा की।
बैठक का संचालन जिला भाजपा महामंत्री राजेन्द्र गोलछा कर रहे थे। इस दौरान बैठक में प्रमुख रूप से खूबचंद पारख, मधुसूदन यादव, नीलू शर्मा, प्रदीप गांधी, संतोष अग्रवाल, सचिन बघेल, बालमुकुन्द देवांगन, सुरेन्दर सिंह बन्नोआना, रामजी भारती, शशीकांत द्विवेदी, कोमल सिंह राजपूत, सावन वर्मा, अजय तिवारी, विनोद खाण्डेकर, राजेश श्यामकर, एम.डी.ठाकुर, गीताघासी साहू, कैलाश शर्मा के अलावा महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, मंडल प्रभारी, मोर्चा प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, महामंत्री, संयोजक सहित बड़ी संख्या में कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित थे।