राजनांदगांव
राजनांदगांव, 13 मार्च। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छोटा मानपुर स्थित चेक पोस्ट में तैनात एक कर्मचारी को एक बुलेरो चालक ने कुचलकर मारने की कोशिश की। बेरियर के प्रधान आरक्षक की शिकायत पर तत्काल पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपियों को धरदबोचा है। घायल कर्मचारी को कवर्धा के अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च को पारस राम प्रधान आरक्षक परिवहन विभाग चेक पोस्ट छोटा मानपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि रात्रि में मानपुर नाका में बेरियर ड्यूटी पर तैनात थे। रात लगभग 11 बजे बुलेरो वाहन में सवार वाहन चालक ज्वाला प्रसाद यदु बेरियर में तैनात कर्मचारियों से अश्लील गाली-गलौज करने लगा और चेकपोस्ट के बेरियर को उखाडक़र फेंकने की धमकी देने लगा। इस दौरान अपने साथी के केवल साहू के साथ चालक ने चिरजिवेन्द्र कुमार नेताम को रौंद दिया। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। वारदात के बाद वहां से आरोपी फरार हो गए। बेरियर के प्रधान आरक्षक ने पुलिस को घटना से अवगत कराया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।


