राजनांदगांव
जिलों से 56 खिलाडिय़ों ने लिया हिस्सा, 25 चयनित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 मार्च। छत्तीसगढ़ जूनियर बालिका हॉकी टीम हेतु एक दिवसीय चयन स्पर्धा का आयोजन विगत 25 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में आयोजित की गई थी, जिसमें छत्तीसगढ़ हॉकी से मान्यता प्राप्त जिलों से कुल 56 बालिका हॉकी खिलाडिय़ों ने इस स्पर्धा में भाग लिया।
छत्तीसगढ़ हॉकी के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि आगामी 19 से 28 मार्च तक राजनांदगांव छत्तीसगढ़ में प्रथम ऑल इंडिया जोनल जूनियर बालक व बालिका हॉकी चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। इसके लिए राज्य की टीम के संभावित खिलाडिय़ों का चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 25 खिलाडिय़ों का चयन किया गया।
चयन पश्चात 25 संभावित जूनियर बालिका हॉकी खिलाडिय़ों का प्रशिक्षण शिविर बहुत जल्द अंतर्राष्ट्रीय हॉकी टीम राजनांदगांव में आयोजित किया जाएगा। चयन स्पर्धा में प्रमुख रूप से छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी सहित कोषाध्यक्ष आशा थॉमस, हॉकी कोच राकेश टोप्पो, अंसार अहमद, अनुराज श्रीवास्तव, शकील अहमद, रश्मि संध्या एक्का, आरती शेंडे आदि उपस्थित थे।


