राजनांदगांव

हाईवे पर मनरेगा महिला मजदूर को कंटेनर ने रौंदा
24-Feb-2023 12:33 PM
हाईवे पर मनरेगा महिला मजदूर को कंटेनर ने रौंदा

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 फरवरी।
सोमनी इलाके के टेडेसरा में एक कंटेनर ने सडक़ किनारे पैदल चल रही मनरेगा में कार्यरत महिला मजदूर को रौंद दिया। हादसे के बाद महिला को घायल हालत में जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सोमनी इलाके में लगातार नेशनल हाईवे में हादसे हो रहे हैं। दो दिन पहले भी एक बुलेट सवार युवक  की सडक़ दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई थी। गुरुवार को  राजनांदगांव से दुर्ग की ओर तेज रफ्तार से जा रही एक कंटेनर ने टेडेसरा की रहने वाली 55 साल की रूपा साहू को अपने चपेटे में ले लिया।

महिला मनरेगा में काम कर घर वापस लौट रही थी। सडक़ किनारे पैदल चलते हुए जब वह अपनी धुन में थी, उसी दौरान पीछे से आ रही कंटेनर ने महिला को रौंद दिया और उसके बाद चालक कंटेनर छोडक़र भाग गया। इस घटना के कारण काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा हो गई। चालक भीड़ देखकर वहां से रफूचक्कर हो गया। बताया जा रहा है कि मृतिका के साथ कुछ और महिलाएं भी हाईवे पार करने की कोशिश में थी, लेकिन पीछे से आ रही कंटेनर ने महिला मजदूर को कुचल दिया।  बताया जा रहा है कि घटना गुरुवार दोपहर लगभग 2 बजे की है। नेशनल हाईवे में तेज गति में दौड़ रहे वाहनों से आम लोग की जान गंवाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। दो दिन पहले 27 साल के एक नौजवान लक्ष्मीकांत जाड़े की भी सोमनी क्षेत्र में सडक़ दुर्घटना में जान चली गई थी।
 


अन्य पोस्ट