राजनांदगांव
गन्ना की खेती से किसानों की बदलेगी आर्थिक दशा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 फरवरी। जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान की अगुवाई में राजनांदगांव जिले में भी गन्ना की खेती को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। जिले में गन्ने की खेती के लिए अनुकूल परिस्थितियां है। कवर्धा की तर्ज पर जिले में भी किसानों को फसल क्रांति के तहत गन्ना की खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। सोमवार को पत्रकारवार्ता में श्री खान ने कहा कि कवर्धा जिले में गन्ने की खेती से किसान समृद्ध हो रहे हैं। तुलनात्मक रूप से गन्ने के किसानों की स्थिति धान के किसानों की अपेक्षा आर्थिक ताकत बढ़ी है। कवर्धा जिले में धान की खेती का रकबा घटा है। परन्तु गन्ने की खेती के रकबे में व्यापक वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि जिले में किसानों को इस दिशा में प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इस मुहिम के पीछे मूल मकसद यह है कि गन्ने की खेती के व्यापक रूप धारण करने से गुड की फैक्ट्रियां स्थापित होंगी। साथ ही बड़े इंडस्ट्रीज खुलने की भी अपार संभावना है।
श्री खान ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के 2018 में पदभार ग्रहण करने के बाद से प्रदेश में किसानों की आर्थिक स्थिति सर्वोच्च स्तर पर है, इसलिए किसानों के हित के लिए तरह-तरह की योजनाएं बनाई गई, जो कि सफल हुई। प्रेसवार्ता में कृषि मंडी अध्यक्ष गोवर्धन देशमुख, रूपेश दुबे, रमेश खंडेलवाल, रवि साहू शामिल थे।


