राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 जनवरी। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश महासचिव व प्रदेश कोर कमेटी सदस्य नवीन अग्रवाल के नेतृत्व में प्रदेश उपाध्यक्ष डुमेंद्र लोधी, छात्र संघ जिलाध्यक्ष अलकेश उजवाने, अनिल सिन्हा, हीराराम वर्मा, दिनेश्वर साहू, लोकेश मालेकर, घनश्याम यादव, अमित सिन्हा ने अनुविभागीय अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
नवीन अग्रवाल ने कहा कि धर्मनगरी डोंगरगढ़ शहर में बढ़ती आबादी के साथ ही शहर में हैवी ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ गया है। शहर के रास्ते रोजाना हजारों की संख्या में बड़ी गाडिय़ां निकल रही है। इधर बायपास निर्माण की सख्त जरूरत हो गई है। इसकी कवायद भी शुरू हो गई है, लेकिन अब तक प्रशासनिक लचरता के चलते प्रपोजल भेजने के बाद भी सर्वे के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। शहर में बढ़ते सडक़ हादसे व जाम की समस्या से निजात दिलाने बायपास कार्ययोजना तैयार की गई है, लेकिन प्रशासनिक लचरता के चलते प्रपोजल की स्वीकृति ठंडे बस्ते में है।
प्रपोजल मिलने के बाद खैरागढ़ ईई ने दुर्ग के एसई से पत्राचार कर राशि स्वीकृत करने की मांग की थी। जिसके बाद पीडब्ल्यूडी एसडीओ को निर्देशित करते प्रस्तावित मार्ग का सर्वें कर भू-अर्जन, वन व्यपवर्तन, बिजली पोल विस्थापन आदि कर ईई खैरागढ़ को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। वहीं इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखने कहा था, लेकिन 10 माह गुजर जाने के बाद भी कार्रवाई शून्य है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि हाईवे की जगह भारी वाहन शहर के रास्ते से गुजर रहे हैं। इससे जाम के हालात तो बनते ही है। साथ ही हादसों का ग्राफ भी बढ़ रहा है। भारी वाहन के चालक टोल व बेरियर से बचने डोंगरगढ़ के रास्ते खैरागढ़ व कवर्धा होकर निकल रहे हैं। शहरी सीमा की सडक़ भारी वाहनों के लायक नहीं है। इसके बावजूद रोजाना हजारों गाडिय़ां धड़ल्ले से निकल रही है।