राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 जनवरी। शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजनांदगांव के गणित विभाग द्वारा राष्ट्रीय गणित दिवस के उपलक्ष्य में एक कार्यशाला तथा मैथेमेटिक्स क्विज का आयोजन किया गया।
आयोजन के मुख्य अतिथि डॉ. एचके पाठक कुलपति भारती विश्व विद्यालय दुर्ग ने कहा कि गणित का दर्शन प्लेटो अरस्तू से लेकर वर्तमान समय के कैंटर लाप्लास न्यूटन आदि वैज्ञानिकों ने अपनी तरह से परिभाषित किया है और गणित जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में चाहे वह आधुनिक कम्प्युटर विज्ञान हो चाहे कास्मोलॉजी हो सभी जगह प्रयुक्त होता है। उन्होंने विस्तार से गणितीय संक्रियाओं को हल कर छात्राओं को ब्यूटी ऑफ मैथेमेक्सि की जानकारी दी। अध्यक्षता करते प्राचार्य डॉ. आलोक मिश्रा ने मैथेमेटिक्स क्विज में सफल छात्राओं को बधाई देते आगे आने वाली अन्य परीक्षाओं की तैयारी हेतु भी शुभकामनाएं दी। विशिष्ट अतिथि डॉ. शबनम खान ने विस्तार से श्रीनिवास रामानुजन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में छात्रा मोनिका साहू, खिलेश साहू, क्षमा साहू आदि ने भी गणित दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. ओंकारलाल श्रीवास्तव ने बताया कि मैथेमेटिक्स क्विज के लिखित परीक्षा में बीएससी की सभी छात्राओं ने भाग लिया। जिनमें से 7 छात्राओं को मौखिक क्विज हेतु चयनित किया गया।
इन छात्राओं के बीच मौखिक क्विज के आधार पर प्रथम दीप्ती साहू, द्वितीय ज्ञानेश्वरी साहू, तृतीय दीपशिखा वर्मा ने प्राप्त किया। इन छात्राओं को अतिथियों द्वारा प्रतीक चिन्ह तथा प्रथम 2100 रुपए, द्वितीय 1100 रुपए, तृतीय 500 रुपए देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. बसंत सोनबेर तथा आभार प्रदर्शन आलोक जोशी ने किया।