राजनांदगांव

लोक निर्माण विभाग को दिखाया भ्रष्टाचार का आईना- नवीन अग्रवाल
12-Jan-2023 3:44 PM
लोक निर्माण विभाग को दिखाया भ्रष्टाचार का आईना- नवीन अग्रवाल

जोगी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोनिवि घेरा, प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 जनवरी।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जोगी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश महासचिव नवीन अग्रवाल के नेतृत्व में बुधवार को लोक निर्माण विभाग का घेराव करते प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताआं ने हाथों में नारे लिखी तख्तियां और आईना लेकर कार्यपालन अभियंता को भ्रष्टाचार का आईना दिखाया।

जनता कांग्रेस जोगी के प्रदेश महासचिव  नवीन अग्रवाल ने बताया कि हाल ही में चित्रकोट कंट्रक्सन कंपनी दुर्ग द्वारा बेलरगोंदी से सीताकासा तक सडक़ का निर्माण निम्न स्तर के जीएसबी, डब्लयूबीएम, डामर जैसे मटेरियल से किया गया है, जो गुणवत्ताहीन है। जनता कांग्रेस द्वारा इसकी जांच को लेकर बीते माह शिकायत की गई थी, मगर ठेकेदारों से कमीशन डकार, भ्रष्टाचार कर कुंभकर्णी नींद में सो रहे कार्यपालन अभियंता ने आज दिनांक तक हमारे समक्ष कोई जांच नहीं करवाई है, इसलिए ठेकेदार से कमीशन खाने वाले विभाग को भ्रष्टाचार का आईना दिखाया। जिसमें कमीशनखोर भ्रष्टाचारियों का चेहरा साफ देखा जा सकता है।

बेलरगोंदी से सीताकासा तक सडक़ की जीएसबी की मोटाई और ग्रेडियेशन की जांच एडब्ल्यूएमएम की मोटाई एवं ग्रेडियेशन की जांच, डामर की मोटाई ग्रेडियेशन और मात्रा की जांच मेरे समक्ष करवाए जाने की मांग की गई है। निम्न बिंदुओं पर जांच नहीं होने पर हमारा क्रमबद्ध प्रदर्शन जारी रहेगा।

शहर जिलाध्यक्ष शमशुल आलम ने कहा कि लोक निर्माण विभाग अब भ्रष्टाचार निर्माण विभाग बन के रह गया है, यहां रोज नए-नए भ्रष्टाचार का उजागर होता है, हम हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं और आगे भी उठाते रहेंगे। जनता कांग्रेस छग (जे) जब-जब कहीं पर भी गरीबों, मजदूरों, किसानों और महिलाओं को परेशानी हुई है, तब- तब उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनकी लड़ाई को लड़ा है और आगे भी लड़ेगी।

इस अवसर पर विनोद पुराम, हेमंत साहू, रामसिंघ निषाद, जसवंत साहू, लोकेश्वर साहू, सुखदेव साहू, देवेन्द्र कंवर, अजीत चंद्रवंशी, नंदकिशोर साहू, गिरधारी कोर्राम, खिलवान साहू, कमल यादव, हितेन्द्र साहू, अनिल, गोविंद, हरीश, अमित, विजेन्द्र, कमलेश, सागर, सूरज, किशन, हीरा आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट