राजनांदगांव

लाफ्टर योग ने बच्चों को खूब हंसाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 जनवरी। गुड मार्निंग राजनांदगांव कार्यक्रम की खुशनुमा सुबह में शनिवार को पुष्प वाटिका हंसते-मुस्कुराते चेहरों से गुलजार हुई। कलेक्टर डोमन सिंह की पहल पर पुष्प वाटिका में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित गुड मार्निंग राजनांदगांव अंतर्गत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लाफ्टर योग के माध्यम से बच्चों को तनाव मुक्त करने तथा अच्छे स्वास्थ्य के लिए खुश रहने खूब हंसाया। बचपन की यादों को ताजा करते टेढ़े-मेंढ़े रास्ते पर इरादे हैं, मजबूत के अंतर्गत सबने जिग-जैग दौड़ लगाई। शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही तनाव को दूर रखने एवं खुश रहने की प्रवृत्ति को विकसित करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा माह के प्रथम शनिवार स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने लगातार यह आयोजन किया जा रहा है तथा लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि जिला मुख्यालय के साथ ही जनपद मुख्यालय, ग्राम पंचायत मुख्यालय में भी गुड मार्निंग राजनांदगांव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है और लोग बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम से जुड़ रहे हैं। हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर में भी योग एवं प्राणायाम कराया जा रहा है। राजनांदगांव की पहचान हॉकी से है और आज यहां सभी ने हॉकी का खेल भी उत्साह के साथ खेला है। अच्छे स्वास्थ्य के लिए शारीरिक गतिविधियां खेल तथा योग-प्राणायाम जरूरी है। स्वस्थ एवं तंदुरूस्त रहने के लिए स्वस्थ जीवन शैली को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं।
कलेक्टर सिंह के साथ ही सभी ने हॉकी एवं मिलिट्री रोप में हाथ आजमाएं और दम-खम दिखाया। इस अवसर पर आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्यवर्धक काढ़े की व्यवस्था की गई थी तथा अंकुरित चना, मंूग तथा फल का नाश्ता दिया गया। जिले के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उत्साहपूर्वक इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अरूण वर्मा, खेमलाल वर्मा, सरस्वती बंजारे, ए एक्का, प्रफुल्ल गुप्ता, उषा चटर्जी, रणविजय सिंह, डीएमसी सतीश ब्यौहारे, मनोज तिवारी, पुरूषोत्तम साहू अन्य अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित थे। इस अवसर पर मृणाल चौबे ने विभिन्न खेलों का संचालन किया।
कार्यक्रम में रूद्राक्षम वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों की सहभागिता रही तथा आस्था मूकबधिर शाला के बच्चों ने योग एवं प्राणायाम किया।