राजनांदगांव

स्कूली बच्चों को दी सुरक्षा के संबंध में जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 जनवरी। गंडई थाना क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद हिंदी, इंग्लिश मीडियम स्कूल में हमर बेटी हमर मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही बेटियों के सर्वांगीण विकास में अच्छी शिक्षा की भूमिका के बारे में बताया गया। वहीं बच्चों को कानूनी अधिकार के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा पाण्डे एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गंडई प्रशांत खांडे के मार्गदर्शन में 7 जनवरी को थाना गंडई पुलिस द्वारा स्वामी आत्मानंद हिंदी, इंग्लिश मीडियम स्कूल गंडई में हमर बेटी हमर मान कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को महिला पुलिस एवं स्टॉफ द्वारा अभिव्यक्ति एप, पाक्सो एक्ट, गुड टच-बेड टच तथा बच्चों पर घटित अपराध को रोकने के संबंध में विस्तृत रूप से कानूनी जानकारी दी गई। वहीं सायबर अपराध मोबाइल संबंधी जानकारी दी गई तथा यातायात नियमों एवं बच्चों को मोटर साइकिल नहीं चलाने, मोटर साइकिल में तीन सवारी नहीं चलने, बिना लाइसेंस के वाहन नहीं चलाने आदि की जानकारी देकर यातायात नियमों का पालन करने कहा गया।
गंडई पुलिस द्वारा बच्चों को बच्चों से संबंधित कानूनी अधिकार, छेडख़ानी, यौन शौषण, सहेली हेल्प लाईन नंबर 100,112, सायबर अपराध से संबंधित अपराध, बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलकूद, अच्छी शिक्षा, नैतिकता का ज्ञान, संवैधानिक अधिकारों की जानकारी की अहम भूमिका होने के बारे मे बताया गया। अभिव्यक्ति ऐप के बारे में जानकारी देते उसकी उपयोगिता के बारे में बताया गया। साथ ही दहेज प्रताडऩा, घरेलू हिंसा, शारीरिक शोषण, बाल विवाह प्रतिषेध के संबंध में बताते उनसे बचने के उपाय, किस तरह बेटियां अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकती है कि आत्मरक्षा कानूनी अधिकार के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। गंडई के अध्यक्ष मोहसिन खान, पार्षदगण, भिगेश यादव, सूरज नामदेव, नारायण चतुर्वेदी एवं स्कूल प्राचार्य एवं स्टाफ सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।