राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 दिसंबर। राज्य शासन के 4 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को मानपुर विकासखंड के ग्राम बोरियामोकासा में छत्तीसगढ़ गौरव दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रदेश की जनता के नाम संदेश को ग्रामवासियों ने तन्मयतापूर्वक सुना। वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री ग्रामवासियों से जुड़े रहे। मुख्यमंत्री बघेल ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ गौरव दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारे पुरखों, किसानों और नौजवानों का सपना तेजी से साकार हो रहा है। हमारे पुरखों ने विकसित, समृद्ध और खुशहाल छत्तीसगढ़ का सपना देखा था। आज यह सपना साकार हो रहा है। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के साथ छत्तीसगढिय़ा संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। हमारे अन्नदाता खुशहाल हैं। स्वावलंबी बन रही महिलाओं के चेहरे पर आत्मविश्वास की चमक है। यह हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के लगभग 11 हजार करोड़ रूपए की ऋण माफी और 2500 रूपए में धान खरीदी का फैसला लिया। इस फैसले के साथ ही न्याय का जो सफर प्रारंभ हुआ था वह आज भी जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने 300 रूरल इंडस्ट्रियल पार्क प्रारंभ किए जा रहे हैं, जिनमें से शेड, बिजली, पानी की व्यवस्था की गई है। यहां युवा अपने छोटे-छोटे उद्योग लगा सकते हैं। इन्हें बैंक से लोन दिलाने और रॉ मटेरियल उपलब्ध कराने में भी राज्य सरकार सहयोग करेगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष दिनेश शाह मंडावी ने कहा कि सरकार द्वारा 4 वर्षों में कर्ज माफी सहित शिक्षा, धान खरीदी, विकास कार्यों एवं विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। कलेक्टर एस जयवर्धन ने कहा कि स्वसहायता समूह की महिलाएं बहुत अच्छे उत्पाद बना रही हंै। सभी उनके बनाए हुए उत्पादों को क्रय करें और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करें। कृषि विभाग द्वारा किसानों को रागी का मिनी किट प्रदान किया गया। कार्यक्रम में कुपोषण दूर करने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। अच्छा कार्य करने वाले स्वास्थ्य विभाग की मितानिन, सचिव, रोजगार सहायक, महिला स्वसहायता समूह को सम्मानित किया गया। सर्वाधिक धान बिक्री करने वाले किसान तथा खेती किसानी में सर्वाधिक वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग करने वाले किसानों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सईदा बेगम, कल्याण सिंह टेकाम, अमित नाथ योगी, श्री मांडले, बनसिंह मंडावी, ब्रजलाल दुग्गा, बालचंद कोरेटी, मन्नूराम, सुब्बू टोप्पा सहित अन्य ग्रामवासी उपस्थित थे।


