राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 नवंबर। संगठन को मजबूत बनाने के साथ बूथ स्तर तक कार्यकर्ता भाजपा के विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उक्त बातें भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शकील अहमद ने मंगलवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए वे प्रदेशभर का दौरा करेंगे। जिसकी शुरूआत पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के विधानसभा क्षेत्र से की है। उन्होंने कहा कि संगठन में अधिक से अधिक लोगों को जोडऩे एवं जन-जन तक बूथ स्तर तक भाजपा के विचारधारा को पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी का विस्तार वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करने के पश्चात शीघ्र ही कर दिया जाएगा।
इससे पूर्व भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शकील अहमद का भाजपा कार्यालय पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने उनका भव्य रूप से स्वागत किया। तत्पश्चात श्री अहमद ने भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की आवश्यक बैठक ली। पत्रकारवार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख, प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल, किशुन यदु, मोनू बहादुर सिंह सहित अन्य लोग शामिल थे।