राजनांदगांव

नए अध्यक्ष पटेल का जोशीला स्वागत
19-Oct-2022 2:13 PM
नए अध्यक्ष पटेल का जोशीला स्वागत

जश्न में डूबे भाजपाई

'छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 अक्टूबर।
राजनांदगांव भाजपा के नए जिलाध्यक्ष नियुक्त हुए रमेश पटेल को बधाई देने का सिलसिला चल पड़ा है। उनके निवास में सुबह से ही लोगों का तांता लगा रहा। देर रात को जारी सूची में प्रदेश नेतृत्व ने पटेल को राजनांदगांव भाजपा का प्रमुख बनाया है। उनकी नियुक्ति की खबर से भाजपाई जश्न में डूब गए हैं। वहीं उन्हें कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से लाद दिया।

स्थानीय पार्टी कार्यालय में जिलेभर के नेताओं ने पहुंचकर अपनी शुभकामनाएं दी। जिलाध्यक्ष के तौर पर ताजपोशी होने से पटेल पर अगले वर्ष हो रहे चुनाव में पार्टी को सफलता दिलाने का दबाव रहेगा। वहीं कई गुटों में बंटी भाजपा को सांगठनिक मोर्चे पर जिम्मेदारी के साथ तैनात करने का भी भार होगा। हालांकि भाजपा में गुटीय लड़ाई चरम पर है। वरिष्ठ और दूसरी पंक्ति के नेताओं के बीच तालमेल नहीं है। पिछले चुनाव में पार्टी का अंदरूनी खींचतान के चलते सफाया हो गया था।

अविभाजित राजनंादगांव में एकमात्र पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे। बाकी सीटों पर भाजपा को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला के पृथक होने के बाद राजनांदगांव जिले में 4 सीट पर मुकाबला होना है। ऐसे में पटेल पर चारो सीट में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का भार होगा। उधर आज सुबह भाजपा नेताओं ने उन्हें बधाई दी।

पार्टी कार्यालय में उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर आपसी सामंजस्य के साथ काम करने पर जोर दिया। स्वागत करने वालों में आलोक श्रोती,  किशुन यदु, आकाश चोपड़ा, संजय लडुवन, नागेश यदु समेत अन्य भाजपा नेता शामिल थे।


अन्य पोस्ट