राजनांदगांव

जिला सहकारी बैंक के किसान सेवा सप्ताह के पहले दिन महापौर व अन्य ने किया स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 अक्टूबर। राजीव गांधी किसान न्याय योजना की राशि आहरण के लिए पहुंचे किसानों का किसान सेवा सप्ताह के पहले दिन बैंकों में तिलक लगाकर स्वागत किया जा रहा है। राज्य व केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत 17 अक्टूबर को किसानों के खातों में राशि जारी की गई। इधर खातों में राशि जारी होने के दूसरे दिन किसान बैंकों में राशि आहरण करने पहुंच रहे हैं।
वहीं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक ने एक अभिनव पहल में राजीव गांधी किसान न्याय योजना के हितग्राहियों का पहली बार राशि निकालने के दौरान बैंक के सभी शाखाओं में सम्मान करने का निर्णय लिया है। इस नए पहल के पीछे किसानों का उत्साहवर्धन और उनका मान बढ़ाना है। जिला सहकारी बैंक के बैनर तले राजनंादगांव जिले के सभी शाखाओं में 18 से 23 अक्टूबर तक किसान सेवा सप्ताह का आयोजन किया गया है।
किसानों के खातों में राशि जारी होने के दूसरे दिन मंगलवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में महापौर समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने बैंक में राशि आहरण करने पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर स्वागत करते उनका उत्साहवर्धन किया। राशि आहरण के लिए पहुंचे किसानों की सुविधा के लिए चाय, बिस्कुट, पानी की व्यवस्था की गई है। इधर राशि निकालने पहुंचे किसानों ने किसान सेवा सप्ताह के तहत की गई व्यवस्था से काफी खुश नजर आए। वहीं दीपावली पर्व से पूर्व उनके खातों में राशि जारी होने से उनमें उत्साह नजर आ रहा है।
सुबह से दोपहर तक करीब 5 सौ किसानों का जिला सहकारी बैंक में जनप्रतिनिधियों ने राशि आहरण से पूर्व स्वागत किया जा चुका था। बताया जा रहा है कि राजनांदगांव जिले के अलावा नए जिले केसीजी और एमएमसी में संचालित बैंक शाखाओं में किसानों की सहुलियत के लिए विशेष पंडाल लगाए गए। बताया जा रहा है कि राजनांदगांव समेत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों के 27 शाखाओं में 18 अक्टूबर से सेवा सप्ताह की शुरूआत की गई। सप्ताहभर चलने वाले इस अभियान में दो पालियों में कांग्रेसी नेता शाखाओं में मौजूद रहेंगे। सुबह 11 से दोपहर 2 बजे और 3 से शाम 5 बजे तक किसानों के बीच उपस्थित रहेंगे।
दीपावली बाजार में बढ़ेगी रौनक
आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किसानों के खातों में योजनाओं के तहत राशि जमा होने से बाजार में रौनक बढऩे की उम्मीद है। 17 अक्टूबर को केंद्र सरकार ने किसानों के खातों में दीपावली पर्व से पहले प्रधानमंत्री किसान योजना के तहत राशि जमा की। वहीं प्रदेश सरकार धान की अंतर राशि तथा गोबर बिक्री करने वाले किसानों के खातों में राशि जमा की गई। इधर 17 अक्टूबर को किसानों के खातों में राशि जारी होने के बाद बाजार में व्यापारिक हलचल तेज होगी। किसानों के लिए यह राशि त्यौहार मनाने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है।