राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 सितंबर। शहर के रानीसागर में रविवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिला है। तालाब में शव मिलने से स्नान करने पहुंचे लोगों ने शव को तैरते देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। बसंतपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस हत्या की आशंका से इन्कार नहीं कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह सामने आएगी।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह रानीसागर में सुबह स्नान करने पहुंचे कुछ लोगों की नजर लाश पर पड़ी। उस दौरान लाश पानी में तैर रही थी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से लाश को बाहर निकाला। पानी में डूबे रहने से शव पूरी तरह से सड़ गया। जिससे उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। अज्ञात शव की शिनाख्ती के लिए पुलिस पतासाजी कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि शव के संबंध में आसपास के जिले और अन्य इलाकों में संपर्क किया गया है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
एएसपी संजय महादेवा ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि अज्ञात शव की पहचान जुटाने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। पीएम रिपोर्ट में स्थिति साफ होगी। इस बीच अज्ञात युवक कैसे और किस परिस्थिति में रानीसागर में पहुंचा, इस आधार पर पुलिस विवेचना कर रही है।