राजनांदगांव

ग्यारह दिन के लिए घर-पंडालों में विराजे विघ्नहर्ता
31-Aug-2022 12:50 PM
ग्यारह दिन के लिए घर-पंडालों में विराजे विघ्नहर्ता

बप्पा मौरिया की गूंज के साथ लंबोदर महाराज की अगुवानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 अगस्त।
प्रदेश में ख्यातिप्राप्त गणेशोत्सव पर्व का आगाज बुधवार से हो गया। अगले 11 दिनों तक विघ्नहर्ता घरों और पंडालों में विराजित नजर आएंगे। गणपति बप्पा मौरिया की गंूज के साथ लंबोदर महाराज की भक्तों ने अगुवानी की। कोरोनाकाल की कष्टकारी समय के गुजर जाने के बाद इस साल शहर में समितियों ने व्यापक रूप से उत्सव को मनाने की तैयारी की है।

शहर की प्रतिष्ठित समितियों ने विशालकाय मूर्तियों की स्थापना करते विविध आयोजन करने की जोरदार तैयारी की है। शहर में 11 दिन भगवान श्रीगणेश की पूजा-अर्चना होगी। पारंपरिक रूप से पंडालों को विशेष रूप से सजाया गया है। भगवान विघ्नहर्ता को पूजने के लिए शहर के लोग आतुर दिख रहे हैं। इधर मूर्तिकारों से तय समय पर प्रतिमाओं को ले जाने के लिए भक्त अलग-अलग व्यवस्था के तहत पहुंच रहे हैं।

देहात क्षेत्र में सुबह से ही मूर्तियों को ले जाने का सिलसिला चल रहा है। अलग-अलग रूपों में भगवान श्रीगणेश को ले जाते हुए भक्त उत्साहित हैं। श्रद्धालुओं की ओर से पंडालों में विशेष तरह के बंदोबस्त किए गए हैं। आकर्षक लाईट के अलावा अन्य मनोरंजक कार्यक्रमों की भी इस दौरान पंडालों में प्रस्तुति होगी।

सुबह से ही भक्त मूर्तिकारों और बाजार क्षेत्र से श्रीगणेश की प्रतिमाओं को घरों में स्थापित करने ले जाते दिखाई दिए। इसके अलावा साज-सज्जा की दुकानें भी बाजार में सज चुकी है। घरों में अगले 11 दिनों तक भगवान श्रीगणेश की पूजा-अर्चना से भक्तिमय माहौल बना रहेगा। इधर बच्चों से लेकर युवा वर्ग भी गणेश की प्रतिमा स्थापित करने उत्साहित नजर आ रहे हैं। लोग पंडालों में विघ्नहर्ता को स्थापित करने से पूर्व मार्गों में भगवान श्रीगणेश की गणपति बप्पा मौरिया की गंूज सुनाई दी।

कार-आटो प्रवेश पर रोक
गणेशोत्सव पर्व के दौरान चार और तीन पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। पर्व की महत्ता को देखते हुए सीएसपी गौरव राय के नेतृत्व में पुलिस अफसरों ने पैदल मार्च किया। इस दौरान यातायात व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए अफसरों ने जमीनी पड़ताल की। पर्व में भीड़ के मद्देनजर कार और आटो प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। गणेश पर्व के दौरान शहर के कुछ स्थानों को अस्थाई पार्किंग बनाया गया है। शाम 4 से रात 10 बजे तक कार और आटो प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गणेश पर्व के दौरान शहर में दर्शनार्थियों की भारी संख्या में आने की संभावना  को दृष्टिगत शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था रखने शहर के फौव्वारा चौक, दुर्गा चौक, तिरंगा चौक, महावीर, चौक, गंज चौक मार्गों को शाम 4 से 10 बजे तक रिक्शा, जीप, कार एवं भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।

पार्किंग की सुविधा भी
गणेशोत्सव पर्व के दौरान शहर के महावीर चौक, गुरूनानक चौक से प्रवेश करने वाले वाहनों का पार्किंग स्थल म्युनिसिपल स्कूल, स्टेट स्कूल में पार्किंग कराया जाएगा। साथ ही गंज चौक से आने वाले वाहनों का बालाजी मंदिर के पास एवं हाट बाजार पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। दुर्गा चौकी की ओर से आने वाले वाहनों को डायवर्सन कर पार्किंग म्युनिसिपल स्कूल में कराया जाएगा।


अन्य पोस्ट