राजनांदगांव

कौरिनभांठा में कृष्ण कुंज का लोकार्पण
20-Aug-2022 3:18 PM
कौरिनभांठा में कृष्ण कुंज का लोकार्पण

जिले के 8 नगरीय निकायों में कृष्ण कुंज का लोकार्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 अगस्त। 
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा की अनुरूप कौरिनभांठा में उत्साह एवं उल्लास के माहौल में कृष्ण कुंज का जनप्रतिनिधियों ने लोकार्पण किया। छत्तीसगढ़ अंत्यावसायी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष धनेश पाटिला, महापौर हेमा देशमुख, राजगामी संपदा न्यास अध्यक्ष विवेक वासनिक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने कृष्ण कुंज में पौधरोपण किया।

महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि आज 2 एकड़ भूमि पर कृष्णकुंज का लोकार्पण किया गया है। यहां विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया है, जब यह पौधे बड़े हो जाएंगे, तो यह ऑक्सीजोन के रूप में तब्दील हो जाएंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राम वनगमन पथ के लिए बहुत कार्य कर रहे हैं और प्रकृति को ईश्वर से जोड़ते कृष्णकुंज का निर्माण किया गया है। इसके माध्यम से हरियाली को बनाए रखा जा रहा है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन इसका शुभांरभ किया गया है। जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री  बघेल को बधाई एवं धन्यवाद दिया है। इस पहल से जनता को लाभ पहुंचेगा और जनता प्रकृति से जुड़ेगी। पर्यावरण में ग्लोबल वार्मिंग की समस्या में कमी आएगी। जिले के सभी 8 नगरीय निकायों में आज कृष्ण कुंज का शुभारंभ किया गया।
नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि कृष्ण कुंज में बरगद, पीपल, आंवला, नीम, कदम, मौलश्री, जामुन, आम, बेल, शहतूत, इमली, अमरूद, रूद्राक्ष, लाल चंदन जैसे परंपरागत प्राचीन पौधे लगाएं गए हंै।

नगरीय क्षेत्रोंं में पौधों को संरक्षण एवं संवर्धन के लिए शासन द्वारा विशेष पहल की गई है। जिससे हरियाली बढ़ेगी। यहां बच्चों के खेलने के लिए झूले लगाए गए हैं और ओपन जिम भी रहेगा। इस अवसर पर नन्हे बच्चे कृष्ण एवं राधा बनकर पहुंचे थे। बच्चों ने नटखट कान्हा बनकर माखन की मटकी फोड़ी।

इस अवसर पर हफीज खान,  रमेश खंडेलवाल, पदम कोठारी, गोवर्धन देशमुख, पंकज बधवा, विनय झा, मधुकर बंजारी, गणेश पवार, अमीन हुड्डा, पूर्णिमा नागदेव, सिद्धार्थ डोंगरे, राजा गुप्ता, एजाजुल रहमान, मामराज अग्रवाल, झम्मन देवांगन, मनीष गौतम सहित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, एसडीएम अरूण वर्मा, कार्यपालन अभियंता यूके रामटेके, सहायक अभियंता संदीप तिवारी, तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता, उपअभियंता तिलक राज धु्रव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

राजनांदगांव नगर निगम के कौरिनभांठा में 0.809 हेक्टेयर, डोंगरगढ़ नगर पालिका परिषद के बधियाटोला में 0.405 हेक्टेयर, खैरागढ़ नगर पालिका परिषद के अकरजन में 810 हेक्टेयर, गंडई नगर पंचायत में 0.405 हेक्टेयर, छुईखदान नगर पंचायत में 0.405 हेक्टेयर, छुरिया नगर पंचायत के चंदेनीडीह में 0.405 हेक्टेयर, डोंगरगांव नगर पंचायत के मटिया में 0.890 हेक्टेयर, अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत में 0.405 हेक्टेयर भूमि में कृष्ण कुंज का शुभारंभ किया गया।


अन्य पोस्ट