राजनांदगांव
निगम का राजस्व अमला ने किया निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 अगस्त। आगामी गणेश चतुर्थी पर्व के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में मूर्तिकारों द्वारा प्रतिमा तैयार की जा रही है। नगर निगम का राजस्व अमला ने गुरुवार को गणेश प्रतिमा निर्माण स्थल का निरीक्षण कर मिट्टी का उपयोग करने की समझाईश दी। साथ ही प्रतिबंधित प्लास्टर ऑफ पेरिस का उपयोग नहीं करने की समझाईश देते उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के निर्देश पर राजस्व विभाग के हितेश ठाकुर, पंकज साहू, राविंद्र ठाकुर, राजकुमार बंजारे एवं राजस्व अमला ने गुरुवार को शहर के गणेश प्रतिमा निर्माण स्थल का निरीक्षण कर गणेश प्रतिमा निर्माण के लिए मिट्टी का उपयोग करने तथा प्लास्टर आफ पेरिस की प्रतिमा नहीं बनाने की समझाईस दी।
आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि इस वर्ष भी नगर में गणेश पर्व मनाया जाएगा। जिसके लिए प्रतिमा का निर्माण एवं विक्रय किया जाना है। उन्होंने कहा कि गणेश प्रतिमा का निर्माण के लिए मिट्टी का उपयोग किया जाना है। शासन निर्देशानुसार प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमा का निर्माण पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
यदि प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमा का निर्माण करते पाया जाएगा तो संबंधित के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रतिमा निर्माण के संबंध में शासन द्वारा समय समय पर जारी निर्देशो का सभी मूर्तिकारों को अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।
अपालन कि स्थिति में प्रशासन कार्रवाई के लिए बाध्य होगी।


