राजनांदगांव

महापौर के खिलाफ तिरंगा उल्टा लहराने के मामले में आवाज उठाने वाली भाजपा पार्षद पर राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप
11-Aug-2022 1:21 PM
महापौर के खिलाफ तिरंगा उल्टा लहराने के मामले में आवाज उठाने वाली भाजपा पार्षद पर राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप

कांग्रेस ने मौका मिलते भाजपा व पार्षद मणिभास्कर पर एफआईआर की रखी मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव,
11 अगस्त। पिछले चार दिनों से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के अपमान करने के मामले में  महापौर हेमा देशमुख के खिलाफ मुखर भाजपा अब  अपने पार्टी की पार्षद के द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा लहराने के मामले में कांग्रेस के आरोपों का सामना करना पड़ रहा है। महापौर हेमा देशमुख पर चार दिन पहले कांवरियों के जत्थे में शामिल होने के दौरान तिरंगा झंडा को उल्टा पकडऩे के मामले को लेकर भाजपा ने आपराधिक प्रकरण करार देते एफआईआर की मांग की है। भाजपा लगातार महापौर पर राष्ट्रीय झंडा को गलत तरीके से लहराने का आरोप लगाते हुए  एफआईआर दर्ज करने के लिए आवाज उठा रही है। 

यह मामला अब तक शांत नहीं हुआ था कि भाजपा की महिला पार्षद मणिभास्कर गुप्ता का कांवरियों के साथ चलते हुए गलत तरीके से झंडा लहराने का वीडियो वायरल हो गया है। कांग्रेस ने भाजपा के मुखर रवैये का जवाब देते हुए पुलिस से शिकायत की है। कुल मिलाकर भाजपा का उग्र तेवर अब ठंडा पड़ता दिख रहा है। राजनीतिक रूप से दोनों दल अब इस मामले को लेकर आमने-सामने है। 

कल कांग्रेसी नेताओं ने एसपी से मिलकर मणिभास्कर गुप्ताके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि भाजपा ने पूरे वीडियो में छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। जबकि कांग्रेस का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के मामले में भाजपा का दोहरा रवैया दिख रहा है।
बताया जा रहा है कि भाजपा पार्षद मणिभास्कर गुप्ता ने पिछले दिनों महापौर के खिलाफ प्रतिनिधि मंडल के साथ एसपी से एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। कांग्रेस मौके की तलाश में थी औरउसने भी राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने का आरोप लगाकर भाजपा को घेर लिया है। कांग्रेस के आला नेताओं ने एसपी से तत्काल मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। बहरहाल महापौर हेमा देशमुख को घेरने की कोशिश में जुटी भाजपा को उसकी ही पार्टी की पार्षद का उल्टा झंडा लहराने के मामले में  वायरल हुए वीडियो ने कांग्रेस को करारा जवाब देने का मौका दिया है। आपसी घमासान के बढ़ते ही प्रदेशमें यह मामला सुर्खियों में आ गया है।

भाजपा ने कभी नहीं किया तिरंगा का सम्मान
जिला कांग्रेस अध्यक्ष पदम सिंह कोठारी ने कहा कि इतिहास गवाह है कि भाजपा तिरंगे का सम्मान करने से कतराती रही है। धमतरी की घटना से राजनांदगांव की घटना को जोडऩा भाजपा की ओछी राजनीति है।
 दर्ज किया जाए अपराध
किशुन यदु ने कहा कि इस मामले में हमने स्थानीय सिटी कोतवाली में लिखित में शिकायत दर्ज कराई है और हम मांग करते हैं कि सभी फोटो वीडियो की निष्पक्ष जांच कटाई जाए और जिम्मेदार लोगों पर राष्ट्रीय झंडा संहिता में उल्लेखित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया जाए । 

 


अन्य पोस्ट