राजनांदगांव

साल्हेवारा के पत्तागोदाम के समीप की घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गंडई, 30 जुलाई। साल्हेवारा स्थित पत्ता गोदाम के समीप स्थित एक कुंए से 36 वर्षीय मुरूम गांव की रहने वाली महिला जेठियाबाई का शव गोताखोरों ने शुक्रवार को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। तत्पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। साल्हेवारा पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक गत् 28 जुलाई की देर शाम को मुरूम गांव की रहने वाली जेठियाबाई पति देवलाला मरकाम (36 वर्ष) अज्ञात कारणों के चलते साल्हेवारा स्थित पत्ता गोदाम के समीप कुंए में छलांग लगा दी।
इस दौरान उपस्थित लोगों के बीच हडक़ंप की स्थिति भी निर्मित हो गई। वहीं कुछ लोगों ने महिला को बचाने कुंए में रस्सी भी फेंके, पर उक्त महिला का पता नहीं चला। देर रात तक कोशिश करने के बाद गोताखोरों की टीम से संपर्क किया गया। रात होने के चलते गोताखोर की टीम दूसरे दिन शुक्रवार सुबह घटनास्थल पर पहुंची। कुंए का पानी कम करने पंप का सहारा लिया गया। काफी मशक्कत के बाद महिला का शव कुंए से बाहर निकाला गया। इस मामले में साल्हेवारा पुलिस थाना प्रभारी ने बताया कि गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाल लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मर्ग कायम कर लिया गया है।