राजनांदगांव

नांदगांव में आकाशीय बिजली से दो मौतें
30-Jul-2022 12:08 PM
नांदगांव में आकाशीय बिजली से दो मौतें

file photo


अचानक बदला मौसम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 जुलाई।
राजनांदगांव जिले में बीती शाम अचानक बदले मौसम से कडक़ी बिजली ने दो लोगों की जान ले ली। मौसम के बदले रूख के दौरान खेत में काम कर रहे एक महिला और एक पुरूष की अलग-अलग इलाकों में वज्रपात के चपेटे में आने से मौत हो गई। वहीं एक ग्रामीण के जख्मी होने की खबर है। दरअसल कल शाम को अचानक मौसम ने करवट बदली और नांदगांव के डोंगरगढ़ और डोंगरगांव ब्लॉक में आकाशीय बिजली गिरने से दो मौतें हुई हैं।

मिली जानकारी जानकारी के मुताबिक डोंगरगांव ब्लॉक के गाम आसरा में रहने वाला 24 वर्षीय तोरण निषाद अपने खेत में काम करने गया था। तत्पश्चात वह गांव के ही एनीकट में नहाने चला गया, तभी तेज गर्जना के साथ एनीकट में आकाशीय बिजली गिरी। इससे तोरण की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कुछ ही दूरी पर नहा रहे दामोदर कुंवर भी बिजली से झुलस गया। दोनों को डोंगरगांव अस्पताल लाया गया, जहां तोरण को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दामोदर कंवर को इलाज के लिए भर्ती कराया गया।  मृतक तोरण की एक साल पहले ही शादी हुई थी। वहीं उसकी पत्नी गर्भवती भी है। तोरण अपने घर का बड़ा बेटा था। परिवार की जिम्मेदारी भी उस पर ही थी।

इधर डोंगरगढ़ के मोहारा चौकी क्षेत्र में बिजली गिरने से महिला की मौत हो गई। वहीं उसका पति गंभीर रूप से घायल है। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3.30 बजे की है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम रूआतला में रहने वाली राजेश्वरी साहू 32 वर्ष अपने पति तोरण साहू 35 वर्ष के साथ अपने खेत में काम कर रही थी, तभी उस पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने से राजेश्वरी और तोरण अचेत हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां राजेश्वरी को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं तोरण को इलाज के लिए भर्ती कराया गया।


अन्य पोस्ट