राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 जुलाई। शहर के रिहायशी कालोनी लालबाग में एक जुलाई को हुए एक व्यापारी पर कातिलाना हमले के 3 आरोपियों को पुलिस ने आखिरकार लंबी जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
एक जुलाई को संजय गणसानी नामक व्यापारी पर शाम ढलते ही लूट की नीयत से हमला कर उसे घायल कर दिया गया था। पुलिस पर इस मामले को लेकर जल्द ही आरोपियों को दबोचने का दबाव था। पुलिस सुरक्षा को लेकर व्यापारियों ने भी मोर्चा खोल रखा था।
रविवार को पत्रकारवार्ता में एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि व्यापारी संजय गणसानी के हमलावर करण मानिकपुरी, दलेश्वर उर्फ राजा मैथिलक्षत्रीय तथा रूपेश मंडावी को गिरफ्तार किया गया है। तीनों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों में रूपेश मंडावी बालोद के रेंगाडबरी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने घटना की जांच के लिए सीसीटीवी और सीडीआर के आधार पर आरोपियों को धरदबोचा।
संजय गणसानी शहर के स्टेशन रोड स्थित एक टोस्ट-बिस्किट के थोक व्यापारी हैं। रोज की तरह वह घटना के दिन दुकान बंद कर घर लौट र हा था। इस दौरान सुनियोजित तरीके से व्यापारी को लूटने की नीयत से तीनों ने रास्ता रोककर लूटपाट की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाए। आरोपियों ने बदले में कारोबारी पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने मामले की सघन जांच करते आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी श्री ठाकुर ने बसंतपुर पुलिस और जवानों की कार्यशैली की सराहना की। इस दौरान एएसपी संजय महादेवा, सीएसपी गौरव राय व बसंतपुर थाना प्रभारी सनत सोनवानी शामिल थे।