राजनांदगांव

आषाढ़ के पहले दिन मूसलाधार बारिश
16-Jun-2022 12:39 PM
आषाढ़ के पहले दिन मूसलाधार बारिश

मौसम हुआ खुशगवार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 जून।
चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी झेलते लोगों को आषाढ़ के पहले दिन बरसे बादल से काफी राहत मिली। बुधवार देर शाम को बादल जमकर बरसे। करीब 2 घंटे की मूसलाधार बारिश के साथ मानसून का इंतजार खत्म हो गया। तेज बूंदे पड़ते ही मौसम खुशगवार हो गया। वहीं 40 डिग्री से तापमान सीधे 30 डिग्री तक पहुंच गया। गुरुवार सुबह का तापमान 29 डिग्री के आसपास था। दोपहर पहुंचते तक तापमान में 3 डिग्री का इजाफा हुआ। यानी आज का दिन बारिश के असर से 33 डिग्री सेल्यिसस के बीच ही तापमान बना रहा।

आषाढ़ के महीने में हुई बारिश खेती के लिहाज से भी काफी फायदेमंद है। किसानों को तेज फुुहारे पडऩे का इंतजार था। खेतों में मरम्मत के बाद से किसान तेज बारिश पर टकटकी लगाए हुए थे। बारिश होने से बुआई के लिए किसान हल लेकर खेतों का रूख करने लगे हैं। तेज गर्जना और मूसलाधार बारिश के कारण मौसम में बदलाव आ गया है। आज की सुबह लोगों को हल्की ठंड का अहसास हुआ। वहीं आसमान में बादलों का डेरा लगने से सुबह तीखी धूप से लोगों को निजात मिली। हालांकि दोपहर के बाद बादल और सूर्य के बीच आंख मिचौली का भी सिलसिला चला। काले मेघ छाने से मानसून की रफ्तार बढऩे की उम्मीद जगी है। कल शाम को हुई बारिश से भीषण गर्मी की मार झेलते लोगों को काफी राहत मिली। इस साल 10 जून तक मानसून के पहुंचने की मौसम विभाग ने उम्मीद जताई थी, लेकिन 5 दिन गुजर जाने के बाद मानसून का असर कहीं नजर नहीं आया। कल शाम को बरसे बादलों से मानसून के दस्तक का एक संकेत मिला है।
 


अन्य पोस्ट