राजनांदगांव

न्याय कहकर किसानों के साथ सीएम ने किया अन्याय-घासीराम
14-Jun-2022 3:26 PM
न्याय कहकर किसानों के साथ सीएम ने किया अन्याय-घासीराम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 जून।
जिला भाजपा किसान मोर्चा महामंत्री घासीराम साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते कहा कि फसल वर्ष 2022-23 के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 100 रुपए बढ़ाकर सामान्य धान का मूल्य 2040 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया। यह कदम धान के रकबे में वृद्धि करने किसानों को प्रोत्साहित करेगा और उनकी आय बढ़ाने में मददगार साबित होगा।

श्री साहू ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के एक ट्वीट की धान के समर्थन मूल्य में 100 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। प्रोत्साहन राशि मिलाकर इस साल छत्तीसगढ़ के किसानों को प्रति क्विंटल 2640 रुपए मिलेगा। वहीं अगले साल तक संभावना है कि किसानों को 2800 रुपए का मिलने लगेगा। 2018 में भूपेश सरकार सत्ता में आई, प्रति क्विंटल 2500 रुपए धान का समर्थन मूल्य की घोषणा थी।

इस दौरान केंद्र की मोदी सरकार ने हर वर्ष धान व अन्य फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाया, जिसे प्रदेश की भूपेश सरकार ने बढ़ाकर नहीं दिया, अपितु अपनी घोषित राशि में केंद्र सरकार की बढ़ाई गई उक्त राशि का समायोजन कर 2500 ही दिया, जो कि केंद्र की राशि दबाकर भूपेश सरकार ने किसानों के साथ राजीव गांधी न्याय योजना कहकर अन्याय किया। पिछले 3 वर्षों की भी केंद्र द्वारा बढ़ाई गई राशि छत्तीसगढ़ के किसानों को मिलनी चाहिए। अब 2023 चुनाव को देखते मुख्यमंत्री जिन्होंने 3 साल किसानों का हक छीना, रंग बदलकर इस वर्ष केंद्र की बढ़ाई राशि जोडक़र 2640 देने की बात मुख्यमंत्री कर रहे। मुख्यमंत्री ने जब राजीव गांधी न्याय योजना की घोषणा की, तब धान का समर्थन मूल्य 1750 रुपए था और आज 2040 हो गया है।

मतलब केंद्र सरकार ने 3 वर्ष में 210 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य बढ़ाया है और राज्य सरकार इस साल बढ़ाकर देने के बात कर पिछले 3 वर्षों की केंद्र की बड़ी लगभग 210 प्रति क्विंटल की राशि गोलमाल कर रहे हैं, जो किसानों के साथ किसानों के हक का है और उन्हें मिलना चाहिए।
 


अन्य पोस्ट