राजनांदगांव

नशे के खिलाफ नांदगांव ने लगाई दौड़
13-Jun-2022 12:44 PM
नशे के खिलाफ नांदगांव ने लगाई दौड़

निजात रन में सभी का मिला पुलिस को साथ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 जून।
नशे के खिलाफ सख्त अभियान में राजनांदगांव पुलिस को आम लोगों का भी साथ मिल रहा है। पिछले 5 महीनों में निजात कार्यक्रम के जरिये नशामुक्ति और जागरूक कार्यक्रम को बेहतर प्रतिसाद मिला है। इसी कड़ी में एसपी संतोष सिंह के आह्वान पर निजात रन कार्यक्रम में सभी वर्ग ने सडक़ में दौड़ लगाई । राजनांदगांव शहर ने दौड़ में शामिल होकर पुलिस की नशाविरोधी अभियान को समर्थन दिया है। एसपी सिंह लगातार अवैध शराब, गांजा और दूसरे नशा उत्पादों के खिलाफ जमकर कार्रवाई कर रहे हैं। वहीं पुलिस ने सख्ती दिखाने के साथ-साथ जागरूक अभियान से भी लोगों को नशा से होने वाले नुकसान के बारे में भी आगाह किया है। समूचे जिले में थाना स्तर पर लगातार जनजागरूक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

रविवार को जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से निजात रन कार्यक्रम में शहर के अलग-अलग वर्ग के लोगों ने  दौड़ में भाग लिया। म्युनिसिपल स्कूल में महापौर हेमा देशमुख और एसपी संतोष सिंह ने निजात रन को हरी झंडी दिखाई। बार-बार पुलिस प्रशासन की ओर से युवाओं को नशे से होने वाले हानि के संबंध में अवगत कराया जा रहा है। गौरतलब है कि राजनंादगांव एसपी ने पदभार ग्रहण करने के बाद से निजात कार्यक्रम की शुरूआत की। पुलिस ने नशीले पदार्थों के तस्करों को न सिर्फ सलाखों के पीछे भेजने में देरी नहीं की, बल्कि आम लोगों की मदद से अभियान को गति दी। इधर नशे से दूर रहने की शपथ लेते हुए पुलिस प्रशासन और धावकों ने शहर के युवाओं से अपील की है।

युवाओं को सही दिशा में ले जाने पुलिस के अभियान की चहूंओर प्रशंसा भी हो रही है। पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से निजात कार्यकम में बढ़-चढकऱ शामिल होने की अपील भी की है। शहर में दौड़ लगाने निकले  धावकों को देखकर लोगों को नशा विरोधी अभियान की महत्ता भी समझ में आई है। इस दौरान एएसपीद्वय संजय महादेवा, जयप्रकाश बढ़ई, सीएसपी गौरव राय समेत अन्य पुलिस अफसर कार्यक्रम में शामिल हुए।
 


अन्य पोस्ट