राजनांदगांव

बारिश का इंतजार, जून का पहला हफ्ता खूब तप रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जून। जून का पहला सप्ताह खूब तप रहा है। आलम यह है कि पौफटते ही गर्म हवाएं लोगों की हालत खराब कर रहे हैं। पिछले तीन दिनों से हीट वेव चलने से लोग बेचैन हैं। सुबह 6 बजे से देर शाम तक गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसा दिया है। नौतपा खत्म होने के बाद पारा में गिरावट की उम्मीद से परे चौतरफा गर्म हवाएं चल रही हैं। पिछले कुछ दिनों से दिन और रात का तापमान भी बढ़ते क्रम में है। लिहाजा रात की नींद भी हराम हो गई है।
गर्म हवाओं और सूर्य की तपिश से लोग हलाकान हो रहे हैं। नौतपा में जहां आसमान में बदली और हल्की बूंदाबादी के बीच लोगों को जहां राहत का अहसास हुआ। वहीं नौतपा गुजरने के बाद कम होने के बजाय तापमान बढ़ रहा है। गर्मी के तेवर देखकर लोग मौसम के मिजाज को समझ नहीं पा रहे हैं। जनजीवन इससे प्रभावित हो रहा है। हीट वेव से सेहत पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। तापमान के वृद्धि होने से एसी और कूलर भी बेअसर साबित हो रहे हैं।
जून माह के पहले सप्ताह में भीषण गर्मी पड़ रही है। लगातार दो माह से लोग गर्मी और उमस से बेहाल हो गए हैं। सुबह से ही तेज धूप पडऩे लगती है। दोपहर के समय धूप इतनी तेज होती है कि घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है। गर्म हवाएं भी झुलसाने लगी है। मौसम के तेवर बदले होने से लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान हैं। तेज गर्मी के चलते लोगों की सामान्य दिनचर्या भी प्रभावित होकर रह गई है। लोग दिन में खासकर दोपहर के समय अपने घरों और कार्यालयों में अघोषित रूप से कैद होकर रह जाते हैं। मौसम ऐसा है कि पलभर भी बगैर एसी और कूलर के रहना मुश्किल हो गया है।
तापमान में लगातार वृद्धि होने से जहां लोग हलाकान होने लगे हैं। वहीं लोग गर्मी से राहत पाने मानसून का इंतजार कर रहे हैं। जून माह का पहला सप्ताह लोगों को दिन और रात में भी बेचैन कर दिया है। ऐसे में लोग बारिश की आस लगाए हुए हैं। इधर लोग जरूरी काम के चलते घरों से बाहर निकलने से पहले टोपी, चश्मा, स्कॉर्फ का सहारा ले रहे हैं। वहीं तेज धूप और चिलचिलाती गर्मी से बचने लोग एसी और कूलर का सहारा ले रहे हैं।