राजनांदगांव
.jpg)
गढ़चिरौली के मरपल्ली पुलिस चौकी की घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 जून। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली के घोर नक्सल प्रभावित अहेरी पुलिस डिवीजन के एक पुलिस चौकी में नक्सल मोर्चे में तैनात जवानों का आपसी विवाद के चलते एक-दूसरे पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। घटना कल बुधवार सुबह की है। दोनों जवान एसआरपी के कैम्प में तैनात थे। आलाधिकारी घटना को लेकर हैरत में पड़ गए हैं। लंबे समय से दोनों जवानों के बीच आपसी विवाद था। गढ़चिरौली डीआईजी संदीप पाटिल और एसपी अंकित गोयल मामले की छानबीन कर रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक मरपल्ली पुलिस चौकी में सीआरपी के जवान बंडू नवधरे और श्रीकांत बरेठ तैनात थे। दोनों के बीच घटना की सुबह विवाद हुआ और आपस में एक-दूसरे पर फायरिंग कर दी। जिसके चलते दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। माना जा रहा है कि जवान काफी समय से पारिवारिक और निजी कारणों से तनाव में थे। मामूली विवाद हिंसक घटना में बदल गई। पुलिस अधीक्षक ने कैम्प प्रभारी से पूरे मामले की जानकारी ली है। यहां यह बता दें कि गढ़चिरौली में पहले भी जवानों में खूनी लड़ाई हो चुकी है। महाराष्ट्र सरकार ने भी आला अफसरों से जानकारी ली है।