राजनांदगांव

बच्चों संग रोजगार सहायकों का प्रदर्शन
27-May-2022 3:11 PM
बच्चों संग रोजगार सहायकों का प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 मई।
करीब दो माह से हड़ताल कर रहे रोजगार सहायकों ने शुक्रवार को बच्चों संग प्रदर्शन करते अपनी मांगों को लेकर अब भी धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। लगभग डेढ़ दो महीने से लगातार  रोजगार सहायक हड़ताल कर रहे हैं।
हड़ताल के चलते महत्वाकांक्षी मनरेगा योजना जमीन पर आ चुकी है। आला अफसरों को मनरेगा मजदूरों से निर्धारित मियाद पर काम पूर्ण करने का दबाव है। लगातार अफसरों के लिए मनरेगाकर्मियों का हड़ताल करना कामकाज के लिहाज से भारी पड़ रहा है। जिला पंचायत के अधीन कार्यरत मनरेगाकर्मियों ने मांगे पूरी नहीं होने तक हड़ताल  समाप्त नहीं करने का इरादा जाहिर कर दिया है। जिले के सभी ब्लॉकों में भी हड़ताल पर बैठे मनरेगा कमी्र सरकार विरोधी नारे लगा रहे हैं।

प्रदर्शन कर रहे कर्मियों का आरोप है कि सत्तारूढ़ कांग्रेस ने चुनावी स्टंट के लिए मनरेगाकर्मियों के मुद्दों को भुनाया और  वादा करने से पीछे हट गई। चुनावी घोषणापत्र में भी मनरेगा कर्मियों के नियमितीकरण से लेकर आर्थिक मुद्दों को भी शामिल किया गया था। सत्ता में आने के बाद कांग्रेस पर हड़ताली कर्मियों ने वादा खिलाफी करने का आरोप लगाया है। इसी के चलते अब परिवार के सदस्यों के साथ मनरेगाकर्मी हड़ताल पर बैठे हैं। जिसमें बच्चों को भी इस प्रदर्शन में शामिल किया गया है।


अन्य पोस्ट