राजनांदगांव
वार्डों में होगा नागरिकों की समस्या का समाधान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 मई। आम नागरिकों को मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने एवं उनकी समस्याओं का निराकरण करने के लिए नगर निगम द्वारा एक जून 2022 से वार्डों में जन चौपाल लगाया जाएगा। जनचौपाल के क्रियान्वयन के लिए महापौर हेमा देशमुख ने गुरुवार को अपने कक्ष में निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी की उपस्थिति में अधिकारियों की बैठक लेकर चर्चा की। बैठक मेें जनचौपाल के लिए रूपरेखा तैयार की गयी।
महापौर श्रीमती देशमुख ने बताया कि शहर के नागरिकों की समस्या का समाधान करने एवं उन्हें मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने नगर निगम द्वारा 1 जून से वार्डों में जनचौपाल लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जन चौपाल का प्रारंभ वार्ड नं. 1 एवं 2 से किया जाएगा। दोनों वार्ड के मध्य सामुदायिक भवन या स्कूल में चौपाल लगाया जाएगा। जिसमें नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित होकर नागरिकों की समस्या का निराकरण करेंगे। जनचौपाल प्रतिदिन सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक 2 से 3 वार्डों के लिए लगाया जाएगा।
महापौर श्रीमती देशमुख ने बताया कि जनचौपाल में राशन कार्ड, निराश्रित पेंशन, जन्म-मृत्यु, विवाह, जाति प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास के प्रकरणों के अलावा साफ-सफाई, विद्युत, पानी की समस्या एवं भवन अनुज्ञा के प्रकरणों का समाधान किया जाएगा। साथ ही वार्ड में अतिक्रमण, निर्माण कार्य संबंधी समस्या के लिए आवेदन लेकर अतिशीघ्र निराकरण किया जाएगा। इसके अलावा राजस्व करों में संपत्तिकर, जलकर, समेकितकर एवं दुकान किराया भी जमा कराया जाएगा तथा नागरिकों एवं वार्ड के अन्य समस्याओं का भी निराकरण किया जाएगा और संबंधित वार्ड में मेडिकल मोबाईल यूनिट द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि जनचौपाल के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी जा रही है। जनचौपाल 1 जून से प्रतिदिन सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक वार्डवार लगाया जाएगा।
जिसमें लगे हुए 2 या 3 वार्डों का एक साथ शिविर लगेगा, संबंधित वार्डों के मध्य स्थित सामुदायिक भवन या स्कूल में जन चौपाल लगाया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा कि सभी अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्याओं से अवगत होकर निराकरण करेंगे। जन चौपाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
बैठक में भागचंद साहू, अमीन हुड्डा, यूके रामटेके, कामना सिंह यादव, दीपक अग्रवाल, संजय ठाकुर, संदीप तिवारी, प्रणय मेश्राम, भूपेन्द्र वाडेकर, अशोक चौबे, राजेश मिश्रा सहित उप अभियंतागण एवं विभाग के लोग उपस्थित थे।