राजनांदगांव

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने झीरम के शहीदों को किया नमन
27-May-2022 2:48 PM
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने झीरम  के शहीदों को किया नमन

नेताओं के बताए मार्गों पर चलने का लिया संकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबागढ़ चौकी, 27 मई।
झीरम घाटी में नक्सली हमले में शहीद हुए कांग्रेस के नेताओं की शहादत को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नमन करते शहीद नेताओं के बताए मार्गों पर चलकर पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कांग्रेसियों ने कहा कि शहीदी नेताओं की शहादत एवं पार्टी के मजबूती के लिए दिए गए उनके योगदानों को कांग्रेस कार्यकर्ता कभी भूला नहीं पाएंगे।

नेताओं को श्रद्धांजलि देने बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। कार्यक्रम ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। श्रद्धांजलि सभा का शुभारंभ शहीदी नेताओं को पुष्पांजलि अर्पित कर शुरू किया गया। सभा में ब्लॉक व नगर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2013 में पार्टी के अध्यक्ष रहे नंदकुमार पटेल, पूर्व केन्द्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल,बस्तर टाइगर महेन्द्र कर्मा, पूर्व विधायक उदय मुदलियार सहित अन्य शहीदी नेताओं के योगदान तथा कांग्रेस पार्टी के मजबूती के लिए किए गए उनके कार्यों का स्मरण किया गया।

ब्लॉक अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी झीरम घाटी के नक्सली हिंसा में शहीद हुए अपने नेताओं के योगदान द्वारा पार्टी के हित में किए गए उनके कार्यों को कभी भुला नहीं पाएगा। उन्होंने श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्टी की मजबूती के लिए शहीदी नेताओं के बताए मार्गों पर चलने का संकल्प दिलाया। सभा को जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव बेनीप्रसाद साहू, ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रमेश त्रिपाठी ने संबोधित किया।

श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता श्यामसुंदर लाटा, महामंत्री शमीमुद्दीन कुरैशी, पार्षद मनीष बंसोड, पार्षद अविनाश कोमरे, एल्डरमेन रजिया बेगम, रवि हेनरी, छगन बंजारे, विनोद डेहरिया, संदीप दुबे, दक्षराज सोनपिपरे, पवन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। सभा का संचालन व आभार ज्ञापन युंकाध्यक्ष मनीष बंसोड ने किया।


अन्य पोस्ट