राजनांदगांव

कत्ल की खबर खुद पुलिस को दी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 मई। डोंगरगांव थाना क्षेत्र के आतरगांव में एक सनकी पति ने बसुला से अपनी पत्नी का धड़ सिर से अलग कर दिया। पत्नी की हत्या कर आरोपी ने ही वारदात की खबर पुलिस को दी। हत्या के बाद आरोपी पत्नी के पास ही प्रयुक्त हथियार लेकर बैठा हुआ था। इस खबर से गांव में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के मुताबिक 25 वर्षीय धनेश्वर साहू का विवाह तीन वर्ष पूर्व बादराटोला की रोशनी साहू से हुआ था। विवाह के दो वर्ष बाद एक पुत्री का जन्म हुआ। शादी के बाद से दोनों के बीच अनबन बढऩे से खटास पैदा हो गया था। शनिवार दोपहर को लगभग 2 बजे के आसपास दोनों के बीच घर में फिर से कहा-सुनी हुई। आपसी बहसबाजी के बीच आरोपी ने बसुला से पत्नी पर वार कर धड़ से सिर को अलग कर दिया। इसके बाद वह मौके पर ही बैठा रहा।
पुलिस को दिए बयान में आरोपी ने बताया कि पत्नी रोशनी साहू मानसिक रूप से परेशान थी। इसी के चलते उसके व्यवहार में चिड़चिड़ापन बढ़ गया था। आए दिन दोनों के बीच झगड़े-झंझट होने से परिवार में कलह की स्थिति बन गई थी। आरोपी ने हत्या से पूर्व पत्नी के हाथ-पैर बांध दिए और बसुला से सिर को धड़ से अलग कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर धड़ और सिर अलग-अलग मिले। घटनास्थल पर खून फैला हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।