राजनांदगांव

खैरागढ़ मंडल का पूर्व भाजपा अध्यक्ष सट्टा-पट्टी संग पकड़ाया
25-Feb-2022 12:11 PM
खैरागढ़ मंडल का पूर्व भाजपा अध्यक्ष सट्टा-पट्टी संग पकड़ाया

    एक और आरोपी पर कार्रवाई    

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 फरवरी।
खैरागढ़ मंडल के पूर्व भाजपा अध्यक्ष को पुलिस ने सट्टा लिखते पट्टी के संग गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में एक अन्य आरोपी पर कार्रवाई की है। सट्टा-पट्टी के साथ पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से लगभग 14 हजार रुपए भी बरामद किए हैं। खैरागढ़ पुलिस लगातार एसपी संतोष सिंह के सख्ती के चलते क्षेत्र में सटोरियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने इसी कड़ी में खैरागढ़ के पूर्व मंडल अध्यक्ष विकेश गुप्ता को नगद राशि और सट्टा-पट्टी के साथ गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक विकेश गुप्ता लंबे समय से इस कारोबार को चला रहे थे। भाजपा सरकार में रहते हुए भी उनका यह कारोबार चलता रहा। राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। अब एसपी ने सटोरियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने का निर्णय लेकर कार्रवाई शुरू की है।

पुलिस ने बताया कि विकेश गुप्ता भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रहे हैं। उनसे 11 हजार 425 रुपए और सट्टा-पट्टी बरामद की है। विकेश गुप्ता का राजनीतिक पृष्ठभूमि रहा है। उनकी पत्नी वर्तमान में खैरागढ़ नगर पंचायत की पार्षद भी हैं।

उधर पुलिस ने अतुल्य सिंह नामक व्यक्ति को भी धरदबोचा है। पुलिस ने आरोपी के पास से 2 हजार 150 रुपए जब्त किए हैं। वहीं दोनों के विरुद्ध सट्टाखोरी और जुआ के तहत मामला दर्ज किया है। अतुल्य सिंह वार्ड नं. 4 खैरागढ़ के निवासी हैं। अतुल्य सिंह के खिलाफ पहले भी कार्रवाई हुई है।


अन्य पोस्ट