राजनांदगांव

डोंगरगढ़ के संडीडीह का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 अक्टूबर। डोंगरगढ़ इलाके के एक गांव में एक ग्रामीण की मौत की असल वजह हत्या के रूप में सामने आई है। मामला पति-पत्नी के घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ है। मृतक की शक करने की आदत उसकी हत्या का कारण बनी।
मिली जानकारी के मुताबिक संडीडीह गांव में रहिमल निषाद का शव नाले में क्षत-विक्षत हालत में मिला। मृतक के भाई ने डोंगरगढ़ पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कराते मामले की जांच की मांग की। पुलिस ने फारेंसिक एक्सपर्ट की मदद से मौत का कारण हत्या मानते मामले की जांच शुरू की। पुलिस को पता चला कि मृतक रहिमन और उसकी पत्नी पूजाबाई के बीच आपसी रिश्ते खराब थे। रोजाना दोनों के बीच घर में विवाद होता था। मृतक अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका करता था। जिसके चलते दोनों में रोज कहा-सुनी होती थी। इस विवाद से परेशान होकर पत्नी ने अपने भाई पेखम निषाद के साथ मिलकर पति की हत्या का षडयंत्र किया। गला घोंटकर मारने के बाद पति को नाले में फेंक दिया और उसके दोनों पैर के पंजे के ऊपर काटने के निशान बना दिया, ताकि पुलिस जांच के दौरान गुमराह रहे। पुलिस के मुताबिक नशे की हालत में बेवजह पिटाई करने के साथ-साथ मृतक अपनी पत्नी के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए जोर जबर्दस्ती भी करता था। इस तरह से परेशान होकर अपने भाई के साथ मिलकर पत्नी ने मृतक की हत्या कर दी।