राजनांदगांव

चोरी के आरोप में अपहृत की पिटाई का वीडियो फैला, महाराष्ट्र के युवक फरार
11-Oct-2021 1:11 PM
चोरी के आरोप में अपहृत की पिटाई का वीडियो फैला, महाराष्ट्र के युवक फरार

चिल्हाटी पुलिस आरोपियों की खोजबीन में जुटी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 अक्टूबर।
चिल्हाटी थाना क्षेत्र के खुर्सीटिकुल के एक युवक को जबरिया उठाकर मोटर साइकिल में लेकर महाराष्ट्र में बंधक बनाकर बेदम पिटाई किए जाने का वीडियो वायरल होते ही पुलिस जहां हरकत में आई। वहीं अपहृत युवक की बेतहाशा पिटाई करने वाले महाराष्ट्र के युवक फरार हो गए हैं। चिल्हाटी थाना प्रभारी बिल्किस खान ने ‘छत्तीसगढ़’  से कहा कि आरोपियों की तलाश करते महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों में टीम भेजी गई है। जल्द ही आरोपी पुलिस हिरासत में होंगे।

मिली जानकारी के मुताबिक खुसीटिकुल के 23 वर्षीय देवनाथ पंचभावे को महाराष्ट्र से मोटर साइकिल से आए युवकों ने अपने साथ बिठा लिया और उसे बोटेकसा ले जाकर जानवरों की तरह पीटा। पीटने से पहले देवनाथ पंचभावे का पैर भी बांध दिया। पिटाई के दौरान युवक मदद के लिए पुकारता रहा, लेकिन किसी का मन नहीं पसीजा। इस मामले को लेकर युवक के माता-पिता ने चिल्हाटी पुलिस से मदद की गुहार लगाई। थाना प्रभारी बिल्किस खान ने तत्परतता दिखाते हुए आरोपियों की खोजबीन शुरू की।

मिली जानकारी के मुताबिक घटनास्थल महाराष्ट्र के कोरची थाना का है। सूत्रों का कहना है कि अपहरणकर्ताओं को देवनाथ पंचभावे पर चोरी का शक था। इसी के चलते बलातपूर्वक युवक को गांव से उठाया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करते सीमावर्ती इलाकों में दबिश दी जा रही है। इस बीच पीडि़त युवक भी एकाएक लापता हो गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों और युवक के बीच जान-पहचान हो सकती है। युवक के साथ हुए बर्ताव को लेकर क्षेत्र में आरोपियों के खिलाफ आक्रोश भी है। जल्द ही पुलिस आरोपियों तक पहुंचकर मामले से जुड़े तथ्यों का खुलासा करेगी।


अन्य पोस्ट