राजनांदगांव

सघन सुपोषण अभियान को समन्वित प्रयास से मिली गति - कलेक्टर
01-Oct-2021 6:19 PM
सघन सुपोषण अभियान को समन्वित प्रयास से मिली गति - कलेक्टर

  उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं का सम्मान  

राजनांदगांव, 1 अक्टूबर। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित पोषण कार्यशाला में शामिल हुए। कलेक्टर ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर पोषण माह का आयोजन सफल रहा।
जिले के तीन विकासखंड मोहला, मानपुर एवं छुईखदान में सघन सुपोषण अभियान चलाया गया है और जनसहभागिता से इस अभियान में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध चना, मुर्रा, गुड़, स्थानीय भाजियां बच्चों को खिलाना चाहिए, जो न केवल आसानी से उपलब्ध है, बल्कि पौष्टिक और स्वादिष्ट भी है। किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। कलेक्टर ने बच्चों के पोषण के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। 

कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग रेणु प्रकाश ने कहा कि कलेक्टर ने तीन विकासखंडों में कुपोषण की स्थिति को देखते वहां अतिरिक्त पोषण देने के लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। इसके लिए चार समय बच्चों को भोजन दिया जा रहा है। जिससे बच्चों के वजन में 44 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है जो कि अच्छा संकेत है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने कहा कि कलेक्टर की पहल पर व्यापक पैमाने पर सभी संबंधित विभाग, संस्थाएं तथा समुदाय एक साथ आ सके। सुपोषण की छांव को 6 माह में बढ़ा सकते हैं और कुपोषण से युद्ध जीत सकते हैं। 

पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना, सीडीपीओ मानपुर अर्चना दुर्गम, समाजसेवी संजय जैन, समाजसेवी अशोक मोदी, मिचगांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पवन मंडावी ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर कलेक्टर एवं अन्य अतिथियों ने पोषण जागरूकता के लिए स्थानीय भाजियों एवं पौष्टिक व्यंजनों की लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। 

संयुक्त कलेक्टर निष्ठा पांडेय, पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना, उत्तमचंद जैन, प्रकाश श्रीश्रीमाल, राजेन्द्र बाफना, ललित भंसाली, संजय जैन, पारूल पांडे, सभी सीडीपीओ एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थे। 
 


अन्य पोस्ट