रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 नवम्बर। मां की हत्या को सामान्य मौत बता कर छिपाने वाले पुत्र संदीप गिरि गोस्वामी को खमतराई पुलिस ने गिरफ्तार किया। 40 महीने पहले उसी ने पारिवारिक विवाद में पुत्र के रूप में मां की हत्या की थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं परिजनों व गवाहों से प्राप्त तथ्यों के आधार पर इसका खुलासा हुआ। खमतराई पुलिस ने मर्ग की जांच के दौरान मृतिका श्यामा गोस्वामी के सिर में चोट एवं गले में रस्सी के निशान पाए थे । इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अवलोकन, परिजनों एवं गवाहों से पूछताछ तथा घटनाक्रम के विभिन्न पहलुओं की बारीकी से जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मृत्यु के पीछे हत्या की आशंका पर जांच की गई।
जांच में पता चला कि मृतिका का अपने पुत्र संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। वह अपनी पत्नी एवं बच्चों को घर लाना चाहता था, जिस बात को लेकर 5 जुलाई 23 को विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी मां को दीवार में धक्का दे दिया, जिससे उनके सिर में चोट लग गई। इसके बाद मृतिका के दर्द से कराहने पर संदीप ने गुस्से में आकर पास में रखे सिलबट्टे के लोहे से उनके सिर के पीछे वार कर दिया। इससे मृतिका के सिर से खून बहने लगा।
इसके बाद संदीप ने पलंग में लगी मच्छरदानी की रस्सी से उनका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद उसने घटना को छिपाने के उद्देश्य से मां मृत के सिर में गमछा बांध दिया तथा माथे एवं सिर में गुलाल लगा दिया। संदीप ने अपनी मां की हत्या की जानकारी अपनी बहनों एवं पुलिस को नहीं दी तथा आसपास के लोगों को मृत्यु का सामान्य कारण बताकर हत्या को छिपाने का प्रयास किया। मृतिका की पुत्री संगीता गोस्वामी ने अपनी मां की मृत्यु को लेकर संदेह व्यक्त किए जाने पर पुलिस ने जांच की। इसी दौरान संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी की संलिप्तता सामने आई।