रायपुर
रायपुर, 17 नवंबर। अपनी लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाएं आज से प्रदेशभर में 19 नवंबर तक चरणबद्ध प्रदर्शन करेंगी। पहले दिन आज कार्यकर्ता नुक्कड़ नाटक के जरिए अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराएंगी।
18 नवंबर को थाली-चम्मच बजाकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगी। वहीं, 19 नवंबर को काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर काला दिवस मनाएंगी ।आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण कर शासकीय कर्मचारी का दर्जा देना और मासिक मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये करना शामिल है। इसके अलावा 5त्र मोबाइल की सुविधा, इंटरनेट भत्ते को बढ़ाकर 500 रुपये करने और पदोन्नति देने की मांग भी की जा रही है।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सरकार ने गंभीरता से विचार नहीं किया तो 11 और 12 दिसंबर को प्रांतीय महापड़ाव किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।