रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 नवम्बर। छत्तीसगढ़ राज्य में 13 अक्टूबर से जारी राजस्व पटवारी संघ के आंदोलन को सरकार द्वारा प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाकर दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। पटवारियों के समर्थन में तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ आंदोलन में कूदा। पेंशनर्स एसोसिएशन रायपुर जिले के संयोजक विजय कुमार झा एवं प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ जिला अध्यक्ष रामचंद्र टांडी ने कहा है कि सरकार के दमनात्मक कार्यवाही के खिलाफ आज शुक्रवार को सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन कलेक्टरों के माध्यम से प्रेषित किया गया। रायपुर राजधानी में संध्या 4 बजे कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन होगा।
सभी जिला मुख्यालय में पटवारी संघ के आंदोलन के समर्थन में नारेबाजी कर प्रदर्शन करते हुए बड़ी संख्या में तृतीय वर्ग कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री व राजस्व मंत्री से पटवारियों के खिलाफ की गई दमनात्मक कार्रवाई को तत्काल वापस लेने तथा जायज मांगों को चर्चा के माध्यम से पूर्ण करने की मांग की है। श्री झा ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा आंदोलन के दौरान किए गए दमनात्मक कार्यवाही को वापस न लेने के लिए अड़े रहने के कारण पटवारी भी पूरे प्रदेश में आंदोलन का विस्तार कर रहे हैं। पटवारी भी अपनी मांगों के लिए अड़े हुए है। आज प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन शर्मा के निर्देश पर सभी जिलों में जंगी प्रदर्शन कर मांग पत्र सौपा गया। कलेक्टर रायपुर में संध्याप्र प्रदर्शन किया जावेगा।
राजधानी के कर्मचारी नेता पीतांबर पटेल, नरेश वाढेर, संजय शर्मा, विश्वनाथ ध्रुव,सी एल दुबे, आदि नेताओं ने संध्या प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर प्रदेश में कर्मचारियों के चट्टानी एकता का परिचय देने की अपील की है। तृतीय वर्ग कर्मचारी नेताओं ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए तत्काल मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री से मांग की है कि छत्तीसगढ़ के पटवारियों के दमनात्मक कार्यवाही को तत्काल वापस लेकर चर्चा के माध्यम से समस्या का निदान करें,अन्यथा पूरे प्रदेश में हो तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ पटवारियों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर हड़ताल में शामिल होगा।