रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 नवंबर। आम आदमी पार्टी ने तत्काल किसानों के हित में सहकारिता विभाग के हड़ताली कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग मुख्यमंत्री से की है।
आम आदमी पार्टी कर्मचारी विंग के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार झा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सहकारी समिति प्रबंधक व डाटा एंट्री ऑपरेटर अपने नियमितीकरण, वेतनमान, व सेवा सुविधा के लिए विगत 10 वर्षों से दोनों सरकारों में आंदोलन कर रहे हैं। विपक्ष में रहते हुए उनके मंच पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, उपमुख्यमंत्री अरुण साव जाकर लच्छेदार भाषण देते थे तथा उनकी सरकार बनने पर नियमितीकरण का वादा करते थे। आज वादा खिलाफी के साथ चर्चा न कर आंदोलनकारियों को बर्खास्त किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था में निंदनीय है।
झा ने कहा है कि आंदोलन को कुचलना के लिए सहकारी समिति कर्मियों का काम राजस्व विभाग व कृषि विभाग के कर्मचारी नहीं करेंगे। इस संबंध में राजस्व निरीक्षक संघ,राजस्व पटवारी संघ व कृषि विभागीय समिति के नेताओं से चर्चा हुई है।
आज से पार्टी छत्तीसगढ़ बचाओ प्रदेश स्तरीय यात्रा निकल रही है। इस दौरान जिलों में हड़तालियों का भी समर्थन प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू, कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल, प्रमुख प्रवक्ता सूरज उपाध्याय,वदूद आलम, प्रियंका शुक्ला, देवलाल नरेटी, दुर्गा झा, नंदन सिंह,पी एस पन्नू, परमानंद जांगड़े, मुन्ना बिसेन, अनुषा जोसेफ, मिहिर कुर्मी, नवनीत नंदे, अजीम खान, सुरेंद्र बिसेन, शिव शर्मा, इमरान खान, नरेंद्र ठाकुर, संतोष कुशवाहा, सागर क्षीरसागर, कलावती मार्को, आदि ने आंदोलन का समर्थन करते हुए सरकार से बर्खास्तगी आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग की है। श्री झा द्वारा आंदोलनकारियों से दूरभाष पर चर्चा की गई। आज बर्खास्तगी आदेश की प्रतियां महासमुंद में आंदोलनकारी सहकारी समिति के कर्मचारी जलाएंगे।


