रायपुर

अभनपुर में महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच की दबिश, ठगी के दो आरोपी गिरफ्तार
05-Nov-2025 9:42 PM
अभनपुर में महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच की दबिश, ठगी के दो आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा/अभनपुर, 5 नवंबर।
अभनपुर इलाके से महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच की एक टीम ने धोखाधड़ी के एक मामले में शामिल दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी सोने की हेराफेरी और धोखाधड़ी के मामलों में फरार थे। पुलिस ने दोनों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस रेस्क्यू में अभनपुर पुलिस के अलावा गांव के सरपंच और अन्य प्रतिनिधियों ने पूरा सहयोग दिया।
बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र में लाखों रुपये की सोने की हेराफेरी और धोखाधड़ी के मामलों में फरार दो आरोपी अभनपुर इलाके में छिपे हुए थे। मामले की जांच करते हुए महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच की टीम ने उन्हें अभनपुर क्षेत्र के उल्बा गांव में ट्रेस किया। इसके बाद क्राइम ब्रांच टीम ने अभनपुर पुलिस और गांव के सरंपच से मदद मांगी। क्राइम ब्रांच की टीम मंगलवार-बुधवार की रात करीब 2.30 बजे उल्बा पहुंची और गांव के सरपंच नेहरू लाल साहू से संपर्क किया।
टीम ने दोनों आरोपियों की तस्वीरें दिखाईं और उनकी पहचान करने में मदद मांगी। सरपंच ने उन्हें बताया कि नंदी बैल के साथ घूमने वाले परिवारों का एक समूह दो दिनों से उल्बा के बंगालीभाठा इलाके में रुका हुआ है। तस्वीरें देखते ही उन्होंने आरोपियों को पहचान लिया और ऑपरेशन में क्राइम ब्रांच के साथ सहयोग करने का फैसला किया।
रात तीन बजे हुई संयुक्त घेराबंदी
मामले की जानकारी मिलते ही अभनपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत थाने से पांच सदस्यीय पुलिस टीम भेजी। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 3 बजे क्राइम ब्रांच और पुलिस टीमें उल्बा पहुंचीं और एक संयुक्त घेराबंदी की। उल्बा के युवा सरपंच नेहरू लाल साहू ने साहस और चतुराई से दोनों आरोपियों को लगभग आधे घंटे तक बातचीत में उलझाए रखा, जिससे टीम को सही समय पर उन्हें पकडऩे का मौका मिल गया।
इसके बाद दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस टीम दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अभनपुर थाने लाई। यहां कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, दोनों आरोपियों पर लाखों रुपये की सोने की तस्करी और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप हैं।
महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच ने सरपंच नेहरू लाल साहू के साहस, तत्परता और सहयोग की भावना की सराहना की और उन्हें धन्यवाद दिया। इस ऑपरेशन में अभनपुर पुलिस के साथ-साथ गांव के कोतवाल सनातन दास मानिकपुरी और मुकेश तारक ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
घटना के बाद सरपंच नेहरू लाल साहू ने ग्रामीणों से अपील की है कि नंदी बैल लेकर घूमने वाले कुछ परिवारों में ठग छिपे हो सकते हैं। गांवों में बाहरी लोगों को ठहराने से पहले पहचान की पुष्टि अवश्य करें। उन्होंने कहा कि गांव की सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी है, और ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचित करना क्राइम को रोकने का सबसे अच्छा तरीका है।


अन्य पोस्ट