रायगढ़

नहर निर्माण विवाद : किसान ने जहर पिया, गंभीर
11-Jun-2026 4:13 PM
नहर निर्माण विवाद : किसान ने जहर पिया, गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 11 जून।
रायगढ़ जिले में केलो नहर निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के बीच बुधवार को एक किसान के जहर पीने का मामला सामने आया है। किसान की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

मामला पुसौर के लिंजिर गांव का है, जहां केलो परियोजना के तहत नहर निर्माण का कार्य प्रस्तावित है। जानकारी के अनुसार प्रशासनिक टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान किसान रवि शंकर गुप्ता ने कथित तौर पर जहर का सेवन कर लिया। घटना के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

परिजनों का आरोप है कि किसान अपनी जमीन के बीच से नहर निकाले जाने का विरोध कर रहा था और प्रशासन द्वारा जमीन खाली कराने का दबाव बनाया जा रहा था। परिवार का कहना है कि परियोजना के लिए पहले ही किसान की 7 से 8 एकड़ जमीन ली जा चुकी है। किसान की मांग थी कि नहर को उसके खेत के बजाय समीप स्थित शासकीय भूमि से निकाला जाए। घटना के बाद परिजनों ने महिला तहसीलदार और पुलिस पर जबरन कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका और कार्यवाही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

फिलहाल किसान का इलाज जारी है और प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच और सभी पक्षों की बात सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

क्या कहते हैं किसान के बेटे
इस मामले पर मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम माहौल देखकर जहर खाने वाले किसान रवि शंकर को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए जुट गई। जबकि उसके बेटे कैलाश गुप्ता का ये कहना है कि उनके खेत का बड़ा हिस्सा पहले ही केलो नहर में जा चुका है और अब फिर से उनके खेत की बची हुई जमीन पर  नहर का काम होने से रोजी रोटी का सवाल खड़ा हो सकता है। उसका ये कहना था कि उनके खेत के बगल में सरकारी जमीन में नहर बनाने से उनकी जमीन बच सकती है लेकिन वहां पहुंचे अधिकारियों ने खुदाई शुरू कर दी जिससे उनके पिता द्वारा ये कदम उठाया।

 


अन्य पोस्ट