रायगढ़
आधे दर्जन से अधिक गांव के ग्रामीणों को किया गया अलर्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 21 मई। रायगढ़ जिले में बुधवार की शाम 51 हाथियों के महादल को एक साथ सडक़ पार करते देखा गया। इस दौरान इस मार्ग में काफी देर तक वाहनों का परिचालन पूरी तरह से बंद हो गया था। वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम ने आधे दर्जन से अधिक गांव के ग्रामीणों को सावधानी बरतने अपील जारी की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम 6 बजे छाल रेंज में 51 हाथियों के महादल को एक साथ सडक़ पार करते देखा गया है। इस दौरान सडक़ की दोनों तरफ काफी देर तक वाहनों का परिचालन पूरी तरह से बंद हो गया है। बताया जा रहा है कि बोजिया की तरफ से हाथियों के महा दल को औरानारा रोड की तरफ जाते देखा गया। हाथियों के इस दल में शावक भी शामिल है।
इस बड़े दल के मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम ने छाल रेंज के बोजिया, चितापाली, पुस्लदा, खेदापाली के अलावा आसपास गांव के ग्रामीणों को सावधानी बरतने की अपील करने के साथ साथ किसी भी काम के सिलसिले में जंगल नहीं जाने की समझाइश भी दी जा रही है। साथ ही गांव में मुनादी भी कराई जा रही है।
एक जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में ही 133 हाथी अलग अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। हाथियों के इस दल में 44 नर, 68 मादा के अलावा 20 शावक शामिल है।


