रायगढ़
रायगढ़, 13 मई। रायगढ़ जिले में केआईटी कॉलेज परिसर स्थित गल्र्स हॉस्टल के पास एक अजगर दिखाई देने के बाद परिसर में लोगों के बीच चिंता की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर सर्परक्षक दल ने मौके पर पहुंचकर अजगर का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को रायगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर गढ़उमरिया गांव के पास स्थित केआईटी कॉलेज परिसर में लोगों ने अजगर को देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अजगर हॉस्टल क्षेत्र से निकलकर सडक़ किनारे बने एक गड्ढे में चला गया था।
सर्परक्षक समिति के संरक्षक विनितेश तिवारी ने बताया कि रात में सूचना मिली थी, लेकिन बारिश के कारण टीम तत्काल मौके पर नहीं पहुंच सकी।
अगले दिन टीम सदस्य विक्की चौहान मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया।
उन्होंने बताया कि अजगर विषैला नहीं होता, लेकिन उसका आकार और वजन अधिक होने के कारण वह छोटे जीवों को जकड़ सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे मामलों में वन विभाग या सर्परक्षक दल को सूचना दें और स्वयं वन्यजीवों के पास जाने या उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें।
सर्परक्षक समिति ने कहा कि भारतीय अजगर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत संरक्षित प्रजाति है। समिति ने लोगों से वन्यजीवों को नुकसान न पहुंचाने की अपील की है।


