रायगढ़

मजदूर दिवस पर श्रमिकों का शक्ति प्रदर्शन, उतरे सडक़ पर
02-May-2026 8:54 PM
मजदूर दिवस पर श्रमिकों का शक्ति प्रदर्शन, उतरे सडक़ पर

दैवेभो ने की नियमितीकरण की मांग 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 2 मई। नियमितीकरण व स्थाईकरण सहित 10 सूत्रीय मांग को लेकर प्रदेश भर के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों ने शुक्रवार को रायगढ़ जिला मुख्यालय पहुंच कर धरना प्रदर्शन करते हुए रैली निकाल कर वित्त मंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

दरअसल छत्तीसगढ़ दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी फेडरेशन के बैनर तले प्रदेश भर से जुटे कर्मचारी वित्त मंत्री ओपी चौधरी के रायगढ़ स्थित कार्यालय का घेराव करने पंहुचे थे परन्तु जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने पर शहर में रैली निकाल कर ज्ञापन सौंपे।

 कर्मचारी संघ का कहना था कि विधानसभा चुनाव के पूर्व उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने फेडरेशन के मंच में आकर घोषणा की थी कि यदि भाजपा की सरकार बनती है तो दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण व स्थाईकरण किया जायेगा। जन घोषणा पत्र मोदी की गारंटी में 100 दिनों के भीतर इस कार्य को करने का वादा किया गया था लेकिन 800 दिन बीत गये अब तक कुछ नहीं हो पाया है। सरकार की कार्यशैली से नाराज मजदूर एक मई मजदूर दिवस पर आंदोलन करने के लिए मजबूर हुए हैं। श्रमिकों का कहना है कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी है जिन्हे बजट में नियमितीकरण का प्रस्ताव रखना है लेकिन वे मजदूरों की मांग को दरकिनार कर दिये हैं यही वजह है कि वित्त मंत्री के विधान सभा स्थित कार्यालय का घेराव करने सभी श्रमिक रायगढ़ पंहुचे थे। 


अन्य पोस्ट