रायगढ़

तंग गलियों में घुसा 18 चक्का वाहन, कई वाहन व मकानों के चबूतरे क्षतिग्रस्त
06-Apr-2026 9:07 PM
तंग गलियों में घुसा 18 चक्का वाहन, कई वाहन व मकानों के चबूतरे क्षतिग्रस्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 6 अप्रैल। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध के बावजूद शनिवार देर रात एक 18 चक्का भारी वाहन स्थानीय सोनारपारा मोहल्ले की संकरी गलियों में जा घुसा। इस दौरान वाहन की चपेट में आने से कई दुपहिया और चारपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, वहीं कुछ मकानों के बाहर बने चबूतरों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।

गौरतलब हो कि शनिवार की देर रात जब अधिकांश लोग अपने घरों में थे, उसी दौरान एक भारी वाहन शहर के भीतर से होते हुए सोनारपारा की तंग गली तक पहुंच गया। संकरी सडक़ होने के कारण वाहन को निकालने में चालक को काफी दिक्कत हुई और इसी दौरान सडक़ किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर लग गई। साथ ही कुछ घरों के बाहर बने चबूतरों को भी नुकसान पहुंचा।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। परन्तु इस पूरे मामले में यातायात अमले की गैर मौजूदगी चर्चा में रही। शहर में दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए यातायात विभाग द्वारा भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर निर्देश भी जारी किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद देर रात कई भारी वाहन शहर के भीतर से गुजरते देखे जाते हैं। मोहल्ले के लोगों ने भारी वाहनों के शहर के भीतर प्रवेश को लेकर नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की संकरी गलियों में इस तरह के बड़े वाहनों का प्रवेश कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

यह पहला मर्तबा नहीं है जब शहर में प्रतिबंध के बावजूद भारी वाहनों के प्रवेश से आमजन को परेशानी झेलनी पड़ी है। इससे पूर्व भी लालटंकी मार्ग में भारी वाहन के कारण घंटों जाम की स्थिति निर्मित हो चुकी है।जिसे व्यवस्थित करने यातायात विभाग को काफी पसीना बहाना पड़ा था।बावजूद विभाग भारी वाहनों के शहर में प्रवेश करने रोकने पूरी तरह से नाकाम साबित हुआ है।


अन्य पोस्ट