रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 5 अप्रैल। कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कम्पयूटर आपरेटर की नौकरी लगाने के नाम पर एक महिला से 3 लाख से अधिक की रकम ठगी कर लेने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत के बाद पुलिस अपराध दर्ज कर पूरे मामले को जांच में ले लिया है। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।
पीडि़ता ने कोतरा रोड थाने में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि भतीजी के माध्यम से बैकुण्ठपुर निवासी हरीश मिश्रा से जान पहचान हुई थी। इस दौरान हरीश मिश्रा ने उससे कहा कि वह कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ मे कम्प्यूटर आपरेटर की संविदा नियुक्ति हो रही है, जिसमें वह नियुक्ति करवा देगा लेकिन उसके एवज में पैसे की डिमांड की गई। पीडि़ता ने बताया कि उसने अपनी भतीजी के मोबाईल फोन से फोन पे के जरिये 09 फरवरी से लेकर 22 मार्च तक 3 लाख 8 हजार 500 रूपये एवं 23 मार्च अपने मोबाईल से 30 हजार रूपये हरीश मिश्रा के फोन पे नंबर में भेजा गया है। इस तरह नौकरी लगाने के नाम पर कुल 3 लाख 38 हजार 500 रूपये लेने के बावजूद काफी दिन संबंधित विभाग में नियुक्त नही हुआ।
इस मामले में हरीश से बात करने पर आज हो जाएगा कल हो जाएगा कहकर टाल मटोल करता रहा। पीडि़ता ने बताया कि इसी बीच 20 मार्च को उसके भतीजी के माध्यम से कॉल मी सर्विस नामक संस्था से एक नियुक्त पत्र मिला जिसके बाद हरीश मिश्रा ने फोन करके पीडि़ता को रायगढ़ कलेक्ट्रोरेड मे मिलने के लिए बुलाया, पीडि़ता के कलेक्ट्रोरेड पहुंचकर हरीश के मोबाईल नंबर में संपर्क करने पर नंबर बंद बताया।
फर्जी नियुक्ति पत्र दिया
पीडि़ता ने बताया कि हरीश मिश्रा के द्वारा दिये गए आदेश को सही है या नही चेक करवाने पर पता चला कि उक्त नियुक्ति आदेश पत्र फर्जी है। जिसके बाद पीडि़ता ने कोतरा रोड थाना पहुंचकर हरीश मिश्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। जिस पर पुलिस ने हरीश मिश्रा के खिलाफ धारा धारा 318 (4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज करते हुए पूरे मामले को जांच में ले लिया है।


