रायगढ़

विजुअल पुलिसिंग : रायगढ़ में पैदल पेट्रोलिंग
22-Mar-2026 8:16 PM
विजुअल पुलिसिंग : रायगढ़ में पैदल पेट्रोलिंग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 22 मार्च। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर शहर में विजुअल पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उन स्थानों पर लगातार पैदल पेट्रोलिंग की जा रही है, जहां अड्डेबाजी और खुले में शराब सेवन की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इसी क्रम में पिछले तीन दिनों से सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में अलग-अलग थानाक्षेत्रों में शाम के समय पुलिस मुख्य मार्केट, चौक-चौराहों और अड्डेबाजी के इलाकों में दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार 18 मार्च को थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पहाड़ मंदिर एवं टीवी टावर क्षेत्र में पुलिस द्वारा पैदल मार्च कर मुख्य मार्ग किनारे तथा सुनसान स्थानों की सघन जांच की गई, जिसमें 6 लोगों को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान खुले में शराब सेवन करते पाए गए आकाश राठिया निवासी जुर्डा के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई, वहीं पेट्रोलिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते मिले अरविंद डनसेना निवासी टीवी टावर के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई, जिसमें प्रथम अपराध पर 10 हजार रुपये जुर्माना या 6 माह तक की सजा का प्रावधान है।

19 मार्च को नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल एवं कोतवाली स्टाफ द्वारा रायगढ़ मुख्य बाजार, उर्दना एवं ईलामाल क्षेत्र में पैदल पेट्रोलिंग कर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करते पाए गए कुल 9 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई, जबकि अन्य लोगों को समझाइश देकर छोड़ा गया।

इसी कड़ी में कल थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के साथ थाना जूटमिल और 6वीं बटालियन और रिर्जव बल ने जूटमिल इलाके के पुराना बस स्टैंड, दुर्गा चौक, हीरानगर, कबीर चौक, कांशीराम चौक, अटल चौक क्षेत्र में पैदल पेट्रोलिंग की गई। थाना प्रभारी ने स्टाफ को कबीर चौक, कांशीराम चौक, अटल चौक पर लगातार पेट्रोलिंग के निर्देश दिये।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अनिल सोनी के मार्गदर्शन में आगे भी विजुअल पुलिसिंग के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सतत पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट