रायगढ़
सामान्य सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 12 मार्च। शहर सरकार ने मंगलवार को नगर निगम के सभाकक्ष में आयोजित सामान्य सभा की अहम बैठक में निगम क्षेत्र के पंजरी प्लाट स्थित ऑडिटोरियम का नामकरण महान संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी के नाम पर किए जाने का निर्णय लिया है। बैठक में शहर विकास से जुड़े कई विषयों पर चर्चा की गई। पूज्य संत के नाम पर ऑडिटोरियम का नामकरण किए जाने को लेकर आज पक्ष विपक्ष के जन प्रतिनिधियों के खासा उत्साह रहा।
पंजरी प्लॉट स्थित नगर निगम ऑडिटोरियम का नामकरण संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को निगम सदन में एकमत से पारित कर दिया गया। जनभावनाओं के अनुरूप अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट बनोरा के संस्थापक पूज्य श्री बाबा प्रियदर्शी राम जी के उल्लेखनीय योगदान का स्मरण करते हुए महापौर जीवर्धन चौहान ने एमआईसी की बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव पेश किया। मेयर इन काउंसिल से पारित होकर यह प्रस्ताव सामान्य सभा को प्रेषित किया गया। मंगलवार 10 मार्च को आयोजित बैठक में उपस्थित सभी पार्षदों ने करतल ध्वनि से स्वागत करते हुए इस पूजनीय प्रस्ताव का एक स्वर में समर्थन किया।


