रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 22 फरवरी। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कोटरीमाल के पास कोनपारा में कल सुबह एक बड़ा सडक़ हादसा टल गया, जब रनपुर से रायगढ़ जा रही सवारी से भरी बदन बस अचानक सडक़ से नीचे उतर गई। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस का ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, अगल बगल में ट्रक खड़ी हुई थी जिसे बचाने के लिए ड्राइवर ने सूझ बुझ से बस को सडक़ से निचे उतार दिया जिसके कारण बस सडक़ से निचे उतरी और गड्डे में फस गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
बताया जाता है कि उक्त बदन बस प्रतिदिन सुबह करीब 5 बजे रनपुर से रवाना होकर लगभग 12 बजे रायगढ़ पहुंचती है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। समय रहते बड़ी दुर्घटना टल जाने से यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।


